मौसम : दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट, तेज आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिलेगी
नोएडा, 25 मई (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में नौतपा शुरू होने से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तेज आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 25 मई से 27 मई तक दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर बना रहेगा, हालांकि बीच-बीच में बादल छाने और हल्की बारिश होने से तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। विभाग ने बताया कि 25 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है।
इस दिन आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। 26 मई को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने इस दिन भी दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं और हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं 27 मई को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। हालांकि 28 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को अधिकतम तापमान घटकर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दिन सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग ने इस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद, 29 मई को तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रह सकता है। वहीं 30 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। इन दिनों भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और हल्की बारिश की वजह से इस बार नौतपा के शुरुआती दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
यही कारण है कि पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है। हालांकि दोपहर के समय लू और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
