दिल्ली : मुंगेशपुर में हत्या का मामला, शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। बाहरी दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के मुंगेशपुर इलाके में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को खुले मैदान में एक शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
शव की सूचना मिलने के बाद बवाना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि लाश एक पुरुष की थी, लेकिन इस कदर सड़ चुकी थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई, जो मंगेराम का बेटा था। उसकी पहचान उसके भाई अनिल ने की। पुलिस के अनुसार, प्रदीप बवाना थाना क्षेत्र का ‘बैड कैरेक्टर’ भी था।
जांच में सामने आया कि 29 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ शराब की दुकान पर गया था। वहां से शराब खरीदकर सभी मुंगेशपुर इलाके में पीने के लिए गए। रात करीब 10 बजे प्रदीप ने अपनी पत्नी को फोन कर सोहती-कुतुबगढ़ रोड के पास अपनी लोकेशन बताई और कहा कि उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई है, लेकिन वह जल्द घर लौट आएगा।
इस कॉल के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने दरियापुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच पीसीआर कॉल के जरिए शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद पुष्टि हुई कि मृतक वही लापता प्रदीप है।
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो तकनीकी और मैनुअल दोनों तरीकों से जांच कर रही हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
