दिल्ली में ग्रैप-1 के बीच फर्जी नो-एंट्री परमिट पर 3 कमर्शियल वाहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में ग्रैप-1 लागू होने के बाद बॉर्डर इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान में फर्जी नो-एंट्री परमिशन (एनईपी) का मामला सामने आया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नॉर्दर्न रेंज की टीम ने 3 कमर्शियल वाहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक, नॉर्दर्न रेंज, डॉ. सचिन कुमार सिंघल, आईपीएस के निर्देश पर की गई। 27 अक्टूबर को नॉर्दर्न रेंज के बॉर्डर क्षेत्रों में कमर्शियल वाहनों की जांच के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई गई थी।
जांच के दौरान तीन कमर्शियल वाहन ऐसे मिले, जो फर्जी एनईपी का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2)/340(2) के तहत संबंधित थानों में तीन एफआईआर दर्ज की गईं। वाहनों को संबंधित लोगों समेत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लोकल पुलिस को सौंप दिया गया।
वाहन नंबर डीएल1एलएसी3219, एनईपी नंबर 221120255308406। ड्राइवर का नाम विक्रम (38) है। इस मामले में थाना अलीपुर में बीएनएस की धारा 318(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
दूसरे मामले में वाहन नंबर डीएल1एलएक्यू4160, एनईपी नंबर 10112025S295772 है। ड्राइवर/मालिक का नाम संतोष है। थाना अलीपुर में बीएनएस की धारा 318(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
तीसरे मामले में वाहन नंबर डीएल1एलएजी4982, एनईपी नंबर 19012023S165940 है। ड्राइवर गौरव कुमार है। इस मामले में थाना समयपुर बादली में बीएनएस की धारा 318(2)/340(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि ग्रैप-1 लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी के तहत यह अभियान चलाया गया।
नॉर्दर्न रेंज ट्रैफिक टीम ने कहा कि वह ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने और लगातार लक्षित अभियान चलाकर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल न करें और नियमों का पालन करें।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस
