Aapka Rajasthan

दिल्‍ली में गोदामों से एलपीजी सिलेंडर बेचने पर सख्त रोक, उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर बेचने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि इस तरह की कोई भी बिक्री अवैध मानी जाएगी और ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं कुशल बनाना है।
 
दिल्‍ली में गोदामों से एलपीजी सिलेंडर बेचने पर सख्त रोक, उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

नई दिल्‍ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर बेचने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि इस तरह की कोई भी बिक्री अवैध मानी जाएगी और ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्‍य एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं कुशल बनाना है।

सरकार ने उपभोक्ताओं की पहुंच को बेहतर बनाने के लिए पूरे शहर में 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता में काफी विस्तार किया है। ये छोटे सिलेंडर अब गैस एजेंसियों से एक वैध आईडी दिखाकर आसानी से खरीदे जा सकते हैं। इसके लिए पते के सत्यापन की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रवासी मजदूरों की सहायता करने के लिए, चुनिंदा एचपीसीएल आउटलेट्स पर 11 विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां लोग आसपास के एलपीजी वितरकों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आपूर्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इसमें कोई बाधा न आए और सभी नियमों का सख्ती से पालन हो। निवासियों को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसियों या भंडारण स्थलों पर जाने अथवा भीड़ लगाने से बचें, क्योंकि बुक किए गए सभी सिलेंडरों की डिलीवरी निर्धारित समय के भीतर सीधे उनके घरों तक की जा रही है।

4 अप्रैल के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में कुल 114,679 एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि ओएमसी की ओर से 131,335 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। डिलीवरी की संख्या बुकिंग से अधिक होना इस बात का संकेत है कि लंबित मांग को एक स्थिर गति से पूरा किया जा रहा है और यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम कर रही है। वर्तमान में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की औसत डिलीवरी का समय 4.24 दिन है, जो उपभोक्ताओं के लिए समय पर और विश्वसनीय सेवा सुनिश्चित करता है।

सीएम ने यह भी कहा कि सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष (हेल्पलाइन) को चालू कर दिया है। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दिल्ली पुलिस ने हाल ही में 17 जगहों पर छापे मारे, जबकि खाद्य और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने 76 गैस एजेंसियों और स्टोरेज साइट्स का निरीक्षण किया।

उन्‍होंने कहा कि दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह से स्थिर और नियंत्रण में है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांत रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग करें, साथ ही डिलीवरी के तय सिस्टम पर ही भरोसा रखें।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी