दिल्ली में दहेज प्रताड़ना से परेशान 23 वर्षीय महिला की मौत, ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के जैतपुर इलाके से दहेज प्रताड़ना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। 23 वर्षीय रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए लगातार परेशान कर रहे थे। मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिवार के अनुसार, रोशनी की शादी कुछ समय पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि रोशनी का पति और ससुराल पक्ष समय-समय पर पैसों की मांग करते रहते थे।
परिजनों ने बताया कि एक बार रोशनी के पति ने अपनी मां के कैंसर के इलाज का हवाला देकर पैसों की मांग की थी। बेटी की जिंदगी को ध्यान में रखते हुए रोशनी के पिता ने किसी तरह पैसे जुटाकर उन्हें दे दिए। हालांकि, इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।
परिवार का यह भी आरोप है कि कुछ समय बाद रोशनी को पता चला कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध है। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ने पर रोशनी के रिश्तेदार उसे अपने साथ ले गए थे।
कुछ दिनों बाद पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का भरोसा दिया। इसके बाद रोशनी को वापस ससुराल भेज दिया गया। लेकिन, परिवार का कहना है कि अगले ही दिन उन्हें सूचना मिली कि रोशनी अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली है।
घटना के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और रोशनी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम
