Aapka Rajasthan

दिल्ली में सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का गुस्सा, ‘आप’ ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में उस समय नया मोड़ देखने को मिला जब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया।
 
दिल्ली में सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का गुस्सा, ‘आप’ ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में उस समय नया मोड़ देखने को मिला जब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया।

आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। आप के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली में 'चार इंजन' वाली सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि अब सिर्फ आम जनता ही नहीं, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता भी अपनी सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज हैं। प्रवीण कुमार ने 18 मार्च की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि रोहिणी जोन कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एमसीडी के नेता सदन और डिप्टी चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में फैली कूड़े की समस्या को लेकर शिकायत करने पहुंचे थे, लेकिन उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया गया। इससे नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रवीण कुमार के अनुसार, यह घटना इस बात का प्रमाण है कि सरकार अपने ही कार्यकर्ताओं की समस्याएं हल करने में असमर्थ है।

उन्होंने आगे कहा कि जब पार्टी के पदाधिकारी अपने ही कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुन रहे, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाएं और प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह चरमरा चुके हैं। वहीं, आप की सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े वादों के जरिए सत्ता हासिल की, लेकिन अब वह दिल्ली को संभालने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कार्यकर्ताओं की ही सुनवाई नहीं हो रही, तो आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा। रिठाला वार्ड से आप पार्षद प्रदीप मित्तल ने भी इस घटना को 'शर्मनाक' बताते हुए कहा कि एमसीडी में स्टाफ और संसाधनों की भारी कमी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त फंड और कर्मचारियों के अभाव में कूड़ा उठाने, सीवर सफाई और सड़क मरम्मत जैसे जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मित्तल ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और सीवर जाम की समस्या आम हो गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आगामी चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीके