दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच कूड़े के ढेर में लगी भयानक आग
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार शाम पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार थाना इलाके में रेलवे लाइन के पास पड़े कूड़े के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
कूड़े में मौजूद प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। धुएं की वजह से आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं रेलवे ट्रैक से गुजर रही ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि धुआं ट्रेन के डिब्बों के अंदर तक पहुंच गया था, जिससे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। लोगों ने किसी तरह खिड़कियां बंद कर सफर पूरा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब छह बजे रेलवे लाइन के किनारे अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और उसका धुआं दूर-दूर तक नजर आने लगा। आग इतनी भयानक थी कि आसपास के घरों और सड़कों तक धुआं भर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर विभाग को शाम 6 बजकर 9 मिनट पर कॉल मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। आग बुझाने के लिए तीन फायर टेंडर और दो पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर शाम तक फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही और पूरी तरह आग बुझाने का काम जारी रखा।
फायर अधिकारी महेश कुमार ने बताया, "रेलवे लाइन के पास कूड़े-कबाड़े में आग लगने की सूचना मिली थी। हमारी तीन वाटर बाउजर और दो टैंकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया है।"
वहीं फायर विभाग को कॉल करने वाले राजकुमार तिवारी ने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि कूड़े में आग कैसे लगी।
स्थानीय निवासी परविंदर सिंह ने बताया, "मेरे घरों में धुआं भर गया था। बाहर आकर देखा तो पता चला कि भयानक आग लगी हुई है। बाद में पता चला कि कूड़े के ढेर में आग लगी है।"
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली में लगातार बढ़ रही गर्मी और खुले में पड़े कूड़े के ढेर ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। बढ़ते तापमान के चलते ज्वलनशील कचरे में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एमएस
