Aapka Rajasthan

दिल्ली में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई तय, ट्रैफिक पुलिस और निगम ने बनाई संयुक्त योजना

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में बढ़ती अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की। इस बैठक में शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
 
बैठक के दौरान अधिकारियों ने माना कि सार्वजनिक सड़कों पर अवैध पार्किंग, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अनधिकृत कब्जे राजधानी में यातायात जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं। इसके कारण न केवल वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

अधिकारियों ने चर्चा के दौरान इस बात पर चिंता जताई कि ऐसे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी प्रभावित करते हैं। इन्हें हटाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल और नियमित कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की गई।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना पर काम करेंगे। इसके तहत अतिक्रमण वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई तेज की जाएगी। साथ ही अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि समस्या दोबारा पैदा न हो।

अधिकारियों ने यह भी तय किया कि विभिन्न विभागों की टीमें समय-समय पर संयुक्त निरीक्षण करेंगी और आपसी समन्वय के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगी। बैठक में शामिल सभी अधिकारियों ने राजधानी में सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।

अधिकारियों का कहना है कि इस संयुक्त पहल से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, सड़क अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों को अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही दिल्ली को अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम