Aapka Rajasthan

दिल्ली में पूर्वोत्तर के दो लोगों पर हुए हमले को लेकर मेघालय के सीएम ने जताई नाराजगी

शिलांग, 9 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में साकेत जिला न्यायालय परिसर के पास पूर्वोत्तर के दो लोगों पर हुए कथित हमले पर कड़ी नाराजगी जताई है। इस घटना को उन्होंने 'घृणित' बताया और अधिकारियों से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
 
मेघालय के मुख्यमंत्री संगमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारत की मुख्य भूमि में पूर्वोत्तर के लोगों पर बार-बार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। पूर्वोत्तर के लोगों पर बार-बार हो रहे हमलों से मैं बहुत आहत हूं। दिल्ली के साकेत कोर्ट के पास मणिपुर व असम के दो लोगों पर हुआ शारीरिक हमला बेहद निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि नस्लीय उत्पीड़न को सामान्य बात नहीं माना जाना चाहिए और हमें इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

खबरों के अनुसार यह घटना रविवार शाम को मालवीय नगर इलाके में कोर्ट परिसर के पास घटी। मणिपुर की एक युवती और असम के एक ट्रांसजेंडर युवक पर इलाके के एक पार्क में टहलते समय कुछ लोगों ने हमला कर दिया था।

जानकारी के अनुसार, हमला करने वाले कथित तौर पर पीड़ितों पर नस्लीय रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे थे। जब दोनों ने इन टिप्पणियों का विरोध किया, तो स्थिति कथित तौर पर झड़प में बदल गई।

पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की, उन्हें घूंसे मारे और बेल्ट से पीटा और अपशब्द भी कहे। सूत्रों ने बताया कि पीड़ितों को इससे पहले भी इलाके में इसी तरह की मौखिक बदसलूकी का सामना करना पड़ा था।

दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि अदालत परिसर के पास कथित हमले की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। मणिपुर की रहने वाली महिला और उसकी सहेली पार्क में टहल रही थीं, तभी कुछ लोगों ने उन पर टिप्पणी की, जिसके बाद बहस शुरू हुई और बात मारपीट में बदल गई।

घायल महिला को बाद में मेडिकल जांच और इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसडी/पीयूष