Aapka Rajasthan

दिल्‍ली: मालवीय नगर में मजदूर की हत्या में युवक गिरफ्तार, मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली जिला पुलिस ने बेगमपुर स्थित थाना मालवीय नगर क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले को सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
 
दिल्‍ली: मालवीय नगर में मजदूर की हत्या में युवक गिरफ्तार, मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद

नई दिल्‍ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्‍ली जिला पुलिस ने बेगमपुर स्थित थाना मालवीय नगर क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले को सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह घटना 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब पुलिस को पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल में बेगमपुर स्थित बड़ी मस्जिद के सामने गट्टा गोदाम की झुग्गी टी-5बी में हत्या की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रंजीत यादव ने बताया कि 27 अप्रैल की रात काम और भोजन के बाद वहां मौजूद मजदूरों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान शत्रुघ्न और राकेश उर्फ कैली के बीच झगड़ा हुआ, जिसे तत्काल शांत करा दिया गया और सभी लोग सोने चले गए। देर रात करीब एक बजे शोर सुनकर शिकायतकर्ता की नींद खुली, तो उसने देखा कि राकेश उर्फ कैली ने शत्रुघ्न की गर्दन पर लकड़ी के डंडे से हमला किया और मौके से फरार हो गया। घायल को तुरंत एम्‍स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान, मेडिकल-लीगल रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने घटना के समय शराब पी रखी थी और मृतक के मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि शुरुआत में मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में आरोपी ने सोते समय शत्रुघ्न पर हमला कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार उर्फ कैली (25) को गिरफ्तार कर लिया। वह बिहार के नालंदा जिले का निवासी है और पिछले 6-7 वर्षों से दिल्ली में रहकर कबाड़ी का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्‍तल ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी