दिल्ली के शाहदरा में घर से ज्वेलरी और कैश चोरी में नौकरानी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। नई दिल्ली के शाहदरा जिले में थाना कृष्णा नगर पुलिस ने सोने के गहनों और कैश की चोरी के मामले में घर की नौकरानी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो हीरे की अंगूठियां और 9,500 रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी सचिन गुप्ता की शिकायत पर थाना कृष्णा नगर में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि 22 जून को दिन के समय अज्ञात चोरों ने उनके घर की अलमारी से दो हीरे की अंगूठियां, सोने के झुमकों की एक जोड़ी और 15,800 रुपए चोरी कर लिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच हेड कांस्टेबल नीरज को सौंपी गई। इंस्पेक्टर विजेंद्र राणा के नेतृत्व में गठित टीम में हेड कांस्टेबल नवीन मलिक, हेड कांस्टेबल सचिन और हेड कांस्टेबल अरुण को शामिल किया गया। पूरी जांच एसीपी गांधी नगर और डीसीपी शाहदरा की निगरानी में की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच में शिकायतकर्ता के घर पर काम करने वाली नौकरानी मोनिका पर संदेह हुआ। पूछताछ और तकनीकी जांच से खुलासा हुआ कि उसने अपने साथी विनीत के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव तहारपुर भाबिसा में छापेमारी कर विनीत को गिरफ्तार किया। बाद में सह आरोपी मोनिका को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो हीरे की अंगूठियां और 9,500 रुपए बरामद किए गए। पुलिस अब चोरी किए गए शेष सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
शाहदरा पुलिस ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आरोपियों के बाद में और साक्ष्य जुटाए जा रहे है, जिसे और मामले का खुलासा हो सके।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
