'दिल्ली के प्रदूषण में पंजाब की पराली का योगदान नगण्य', सौरभ भारद्वाज ने भाजपा को घेरा
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार पर निशाना साधा। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार की एजेंसी सफर के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि दीपावली की रात दिल्ली के प्रदूषण में पंजाब की पराली का योगदान नगण्य यानी लगभग शून्य था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पंजाब के किसानों और पंजाब के लोगों को जानबूझकर बदनाम कर रही है।
भारद्वाज ने यह भी कहा कि दीपावली के आसपास हवा की दिशा पाकिस्तान की ओर होने के कारण पंजाब में पराली जलने से उठने वाला धुआं दिल्ली नहीं पहुंच सकता था। सौरभ भारद्वाज ने 10 नवंबर को मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार की संस्था सफर दिल्ली में प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों का आकलन करती है। उन्होंने बताया कि दीपावली से एक रात पहले यानी 8 नवंबर को दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं का योगदान करीब पांच प्रतिशत दर्ज किया गया था। हालांकि, इस आंकड़े से यह स्पष्ट नहीं होता कि धुआं पंजाब से आया था, हरियाणा से या उत्तर प्रदेश से। वहीं, दीपावली की रात 9 नवंबर को पराली जलने से होने वाले प्रदूषण का योगदान नगण्य यानी लगभग शून्य बताया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सफर के आंकड़े भाजपा सरकार और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के उन दावों पर सवाल खड़े करते हैं, जिनमें दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब में पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। भारद्वाज ने विशेष रूप से दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता अपनी सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने हवा की दिशा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सफर की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक दीपावली के आसपास ईस्टरली विंड यानी पूर्वी हवाएं चल रही थीं।
उनके मुताबिक, इन हवाओं की दिशा के कारण पंजाब से उठने वाला धुआं पाकिस्तान की ओर जा रहा था। ऐसे में पंजाब में पराली जलने से उठा धुआं दिल्ली तक पहुंचने की संभावना नहीं थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि पंजाब का धुआं हवा के साथ पाकिस्तान की ओर जा रहा है तो भाजपा नेताओं को इससे परेशानी क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि प्रदूषण का धुआं किसी विमान से एक जगह से दूसरी जगह नहीं पहुंचता, बल्कि हवा की गति और दिशा के अनुसार आगे बढ़ता है। लंबी दूरी तय करने में इसे दो से तीन दिन तक का समय लग सकता है। ऐसे में दीपावली के दिन पराली जलने को तत्काल दिल्ली के प्रदूषण से जोड़ना वैज्ञानिक तथ्यों की अनदेखी है।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि जैसे ही उन्होंने सफर की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों को मीडिया के सामने रखा, उसके बाद वेबसाइट बंद हो गई। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर आंकड़े सार्वजनिक होने के बाद वेबसाइट को बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार से इस संबंध में स्पष्टीकरण देने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने दीपावली के दौरान पटाखे जलाने और प्रदूषण की निगरानी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इस साल दीपावली की रात दिल्ली में जमकर पटाखे चलाए गए, लेकिन पिछले साल की तरह इस बार भी सरकार ने बड़ी संख्या में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए। उनका आरोप है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि प्रदूषण का वास्तविक स्तर सामने न आ सके। उन्होंने कहा कि जब प्रदूषण मापने वाले स्टेशन ही बंद रहेंगे तो सही आंकड़े कैसे सामने आएंगे और सरकार जनता को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति कैसे बताएगी?
भारद्वाज ने पिछले साल दीपावली के बाद भी मॉनिटरिंग स्टेशन बंद होने से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए इस बार भी ऐसी ही स्थिति होने का दावा किया। उन्होंने पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत में यह बात सामने आई थी कि पटाखों से प्रदूषण बढ़ने के संबंध में पर्याप्त डेटा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दीपावली के दौरान मॉनिटरिंग स्टेशन बंद होने और प्रदूषण के आंकड़ों में कथित गड़बड़ी को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए हैं तो इस पर गंभीरता से जांच क्यों नहीं हो रही है?
उन्होंने कहा कि सीएक्यूएम और सीपीसीबी को लिखित शिकायत देकर प्रदूषण के आंकड़ों में कथित हेरफेर की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद संबंधित संस्थाओं और अदालतों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक बताया। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े सामने आने से बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार की चुप्पी के बावजूद आम लोग अपने निजी उपकरणों से प्रदूषण का स्तर मापकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा कर रहे हैं और सरकार के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।
सौरभ भारद्वाज ने सरकार से सवाल किया कि वह दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के वास्तविक कारणों पर कार्रवाई करने के बजाय पंजाब के किसानों को निशाना क्यों बना रही है? उन्होंने मांग की कि सरकार प्रदूषण के स्रोतों, पटाखों से होने वाले प्रभाव और एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों की स्थिति पर पारदर्शी आंकड़े सार्वजनिक करे, ताकि दिल्ली के लोगों को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
