दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में मुठभेड़, हत्या के मामले में फरार चल रहा बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। सेंट्रल दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने के अंतर्गत फिरोजशाह कोटला के बैकसाइड रोज गार्डन के पास सर्विस रोड पर मंगलवार को पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा बदमाश अजय कालिया इलाके में आने वाला है। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने उसके लिए ट्रैप लगाया। जैसे ही बदमाश वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन अजय कालिया ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के दौरान अजय कालिया के पैर में गोली लगी। उसे घायल हालत में पकड़ा गया। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे आगे की कार्रवाई के लिए ले जाया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि अजय कई वारदात में शामिल रहा है और काफी समय से फरार था। अजय कालिया हत्या और लूटपाट जैसे गंभीर मामलों में वांटेड था। उसके पकड़े जाने के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं इस मुठभेड़ में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर भी बाल-बाल बच गए, क्योंकि उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लग गई थी। पुलिस की टीम ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सेंट्रल दिल्ली के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई स्पेशल स्टाफ की सतर्कता और तेज कार्रवाई का नतीजा है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे वांटेड अपराधियों को पकड़ना पुलिस और जनता की सुरक्षा दोनों के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए आगे भी ऐसे सक्रिय और खतरनाक अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
