दिल्ली के डीसीबी अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के कई पदों पर वैकेंसी, वॉक-इन इंटरव्यू 17 अगस्त को
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी संस्थान में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, दीपचंद बंधु अस्पताल (डीसीबीएच) ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट (डॉक्टर) के कुल 10 पदों पर एड-हॉक/टेन्यूर आधार पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
डीसीबीएच की ओर से सीनियर रेजिडेंट पोस्ट के लिए जारी 10 रिक्तियों में ऑर्थो में 1, रेडियोलॉजी में 1, पैथोलॉजी में 1, ऑब्स/गाइनी में 6 और एनेस्थीसिया में 1 पद शामिल हैं।
इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी के अनुसार, पे मैट्रिक्स में लेवल 11 के तहत 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन इंटरव्यू 17 अगस्त को 'कमरा नंबर 3002, तीसरी मंजिल, एस्टैब्लिशमेंट ब्रांच,डीसीबी हॉस्पिटल' पते पर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन साक्षात्कार से पहले उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया किया जाएगा, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9:30 से 11:30 बजे के बीच तय किया गया है। ऐसे में इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी के साथ हाल की पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना न भूलें।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषयों में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/एमएस/डीएनबी, डिप्लोमा) होनी चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में रेगुलर या एड-हॉक आधार पर 3 वर्ष की सीनियर रेजीडेंसी पूरी नहीं की होनी चाहिए।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि डीसीबी अस्पताल की ओर से यह नियुक्ति एड-हॉक/टेन्यूर आधार पर शुरुआत में 89 दिनों से लेकर 3 वर्ष तक की अवधि के लिए और एमएएमसी से केंद्रीय भर्ती होने तक, जो भी पहले हो, के लिए होगी।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
