दिल्ली के जाफराबाद में अवैध शराब के गोदाम पर छापा, 1,576 क्वार्टर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में स्पेशल स्टाफ/एनईडी की टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,576 क्वार्टर बोतलें अवैध शराब बरामद की हैं। शराब की बरामद बोतलों पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” लिखा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 4 और 5 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात स्पेशल स्टाफ/एनईडी को सूचना मिली थी कि जफराबाद इलाके में एक गोदाम में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर एसीपी/ऑपरेशन्स की निगरानी में और इंस्पेक्टर अरविंद सिंह, आईसी/स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने जाफराबाद स्थित सब्जी मंडी प्राइमरी स्कूल के पास जम्मू मोहल्ला में 158/2 नंबर के गोदाम पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को गोदाम से 32 कार्टन मिले। इन कार्टनों की जांच करने पर इनमें कुल 1,576 क्वार्टर बोतलें बरामद हुईं। इन्हें दिल्ली में बेचने की योजना थी, जबकि शराब दिल्ली में बिक्री के लिए अधिकृत नहीं है।
कार्रवाई के दौरान गोदाम के मालिक दीपक उर्फ छापा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र 28 वर्ष है और वह बाबरपुर (दिल्ली) का रहने वाला है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले में जाफराबाद थाना पुलिस ने दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लाता था और इसे दिल्ली में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, दीपक उर्फ छापा के खिलाफ डकैती, चोरी, झपटमारी, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम से जुड़े 17 मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस ने उसे थाना वेलकम का बैड कैरेक्टर भी बताया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
