Aapka Rajasthan

दिल्ली पुलिस की आतंकी मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष पाल सिंह उर्फ रुबल (31) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम का रहने वाला है।
 
दिल्ली पुलिस की आतंकी मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष पाल सिंह उर्फ रुबल (31) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, हर्ष पाल सिंह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग का करीबी सहयोगी है। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक पिस्तौल (इटली में बनी बेरेटा) और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इससे पहले भी पुलिस इस केस में 24 विदेशी हथियार और 216 जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है। इस पूरे मामले में यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) की धाराएं भी लगाई गई हैं।

जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा था और इसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन प्राप्त था।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला शाहबाज अंसारी के अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी नेटवर्क से जुड़ा है। हर्ष पाल सिंह इस नेटवर्क के लिए अवैध हथियारों की खेप लेने का काम करता था। वह पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी निशांत अरोड़ा उर्फ नोनी का करीबी था और उसी के जरिए हथियार प्राप्त करता था।

जांच में यह भी पता चला है कि हर्ष पाल सिंह 2023 में दुबई में गैंग के एक सदस्य राशिद उर्फ केबल के संपर्क में आया था। इसके बाद वह बैंकॉक भी जाता था। वह ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए भी इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और इसी माध्यम से उसने कई लोगों से संपर्क बनाए।

पुलिस के अनुसार, गैंग अमीर कारोबारियों को विदेश से फोन कर धमकी देता था। इसके बाद हर्ष पाल सिंह खुद को 'समझौता कराने वाला' बताकर पीड़ितों से संपर्क करता था और पैसों का सौदा तय कराता था। इससे गैंग के सरगनाओं का नाम सामने नहीं आता था और पैसा आसानी से ट्रांसफर हो जाता था।

पूछताछ में मोनू सरदार नामक एक अन्य आरोपी का भी नाम सामने आया है, जो फिलहाल दुबई में रहकर सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा है। पुलिस के अनुसार, वह इस गैंग को पैसे और हथियार उपलब्ध कराता था और कुछ देश-विरोधी तत्वों से भी जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि हर्ष पाल सिंह पहले भी हत्या और मकोका जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। उसका नाम 2024 में नादिर शाह हत्याकांड में भी सामने आया था, जिसकी जांच अभी जारी है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम