Aapka Rajasthan

दिल्ली: गर्लफ्रेंड को लेकर मजाक रास न आया तो नाबालिग ने कैंची घोंपकर युवक को मारा, पकड़ा गया

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के पश्चिम जिले के थाना ख्याला इलाके में एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है।
 

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के पश्चिम जिले के थाना ख्याला इलाके में एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को जीजीएस अस्पताल, रघुवीर नगर से सूचना मिली कि फरीज (उम्र 28 वर्ष) निवासी ख्याला को मृत अवस्था में लाया गया है। इसी दौरान एक अन्य घायल व्यक्ति अख्तर अली (28 वर्ष) भी उसी अस्पताल में भर्ती हुआ, जिसके दाहिने पैर में चाकू/तेज हथियार से चोट के निशान हैं।

घायल अख्तर अली ने पुलिस को बताया कि वह, फरीज और एक नाबालिग एक ही फैक्ट्री में काम करते थे और साथ रहते थे। बताया गया कि आरोपी नाबालिग की गर्लफ्रेंड को लेकर फरीज अक्सर उसका मजाक उड़ाता था, जिससे वह नाराज था।

24 जून की सुबह लगभग 6:30 बजे इसी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ। इस दौरान आरोपी नाबालिग ने गुस्से में आकर कैंची से फरीज पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अख्तर अली पर भी उसने हमला किया और वहां से फरार हो गया।

घायल अख्तर अली ने घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक अरबाज खान को दी। इसके बाद दोनों ने फरीज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलने पर थाना ख्याला पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 15 साल का है और एक मजदूर परिवार से संबंध रखता है। मामले की आगे जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी