दिल्ली दौरे से लौटे सीएम विष्णु देव साय, बस्तर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई चर्चा
रायपुर, 14 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और नक्सल मुक्त बस्तर, स्वास्थ्य अभियान और राज्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की। रायपुर लौटने के बाद उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेशवासियों से घबराने की बजाय संयम बरतने की अपील की।
रायपुर लौटने पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि वह राज्य के गृह मंत्री के साथ एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर थे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई और नक्सल मुक्त बस्तर के बारे में चर्चा हुई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण बस्तर नक्सल मुक्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही है। उनका इलाज किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर लोगों को अस्पताल भेजा जा रहा है। हमारा लक्ष्य पूरे 36 लाख लोगों तक पहुंचना है।
सीएम ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर सरकारी कागजात बनवाए जा रहे हैं। उस क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं को लेकर गृह मंत्री से विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार मध्य क्षेत्र की बैठक छत्तीसगढ़ के बस्तर में होने वाली है। इसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ शामिल रहेंगे। गृह मंत्री ने इसकी घोषणा पहले ही कर दी थी। अब यह बैठक होने जा रही है, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।
डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर चल रही अफवाह को लेकर उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार पेट्रोल-डीजल की व्यवस्था कर रही है। कभी एक-दो दिन कोई समस्या आ जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार और ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भारत सरकार ने प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक खरीदारी और संग्रहण से बचें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मैं प्रदेशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें। केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
