दिल्ली : चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो चाकू बरामद किए। बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को थाना नॉलेज पार्क पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद बीट पुलिसिंग के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। चेकिंग और कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने प्रियदर्शनी तिराहा के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिराग और हनी उर्फ लक्की के रूप में हुई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी मिले। पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड में भी ई-एफआईआर दर्ज है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चिराग (19) विनोद नगर मंडावली, नई दिल्ली का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी हनी उर्फ लक्की (20), थाना सूरजपुर (गौतमबुद्ध नगर) का निवासी है। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा बरामद मोटरसाइकिल से संबंधित ई-एफआईआर पुलिस स्टेशन मधु विहार, ईस्ट डिस्ट्रिक्ट, दिल्ली में दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी वाहन चोरी और अवैध हथियारों से जुड़े किसी अन्य मामले में शामिल रहे हैं या नहीं। बरामद मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में दिल्ली पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
