दिल्ली: पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और सामान बरामद
नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। दक्षिण जिला पुलिस ने चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। चितरंजन पार्क थाने की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, अपराध में इस्तेमाल की गई एक अन्य बाइक और घरों से चोरी किया गया सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में मोटर वाहन चोरी और घरों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए चितरंजन पार्क थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर अनीश शर्मा के नेतृत्व और एसीपी की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इस अभियान को एएसआई दलवीर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल रोशन और हेड कॉन्स्टेबल गिर्राज की टीम ने अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर उनका गहन विश्लेषण किया। फुटेज में दो संदिग्धों को चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद भागते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने फुटेज का मिलान अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड और डोजियर से किया। साथ ही स्थानीय मुखबिरों को भी संदिग्धों की तस्वीरें और जानकारी उपलब्ध कराई गई।
तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें अंबेडकर नगर के दक्षिण पुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदय कुमार उर्फ एलियन (24) और सौरव कुमार (24) के रूप में हुई है। उदय कुमार के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, जबकि सौरव कुमार के खिलाफ साकेत थाने में दर्ज एक चोरी के मामले में पूर्व में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आमतौर पर बिना निगरानी खड़ी मोटरसाइकिलों और घरों में रखे कीमती सामान को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वे सामान को छिपाने या बेचने का प्रयास करते थे ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, एक ब्लड प्रेशर जांच मशीन और चांदी की परत चढ़े वॉशरूम के दो नल बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से चितरंजन पार्क थाने में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी और चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि समय पर कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी विश्लेषण और पुलिस टीमों के बेहतर समन्वय के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अन्य मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
