Aapka Rajasthan

दिल्ली: चाकू मारकर हत्या की कोशिश का मामला 14 घंटे में सुलझा, चार आरोपी पकड़े

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। वेलकम थाना पुलिस ने हत्या की कोशिश के एक मामले का 14 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों में एक नाबालिग भी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया है।
 

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। वेलकम थाना पुलिस ने हत्या की कोशिश के एक मामले का 14 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों में एक नाबालिग भी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को दोपहर के समय वेलकम थाना पुलिस को कबीर नगर के सी ब्लॉक, गली नंबर-6 में चाकूबाजी की सूचना मिली। जांच में पता चला कि कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। घायल को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसी) में भर्ती कराया गया।

घायल की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद साजिद के रूप में हुई, जो कबीर नगर का रहने वाला है। साजिद ने पुलिस को बताया कि चार लोगों ने उस पर चाकू से हमला किया था। उसके बयान के आधार पर वेलकम थाने मे हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूचना के आधार पर एक आरोपी का पता लगाया और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अगले 14 घंटे के भीतर बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले घायल मोहम्मद साजिद के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। इसी दौरान साजिद ने उनमें से एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी बात का बदला लेने के लिए उन्होंने मिलकर उस पर चाकू से हमला किया।

आरोपियों में एक 14 वर्षीय नाबालिग, 18 वर्षीय साहिल उर्फ चवन्नी, 21 वर्षीय नाजिम और 19 वर्षीय कादिर उर्फ काले बाबू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात की साजिश कैसे बनाई गई और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी