Aapka Rajasthan

दिल्ली: चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन झंडेवालान मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, किए माता रानी के दर्शन

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। सुबह 4 बजे से ही दर्शन-पूजन के लिए मंदिर में कतारें लगी हैं। भक्त माता रानी से आशीर्वाद लेने और पूजा-अर्चना करने के लिए झंडेवालान मंदिर जाते हैं।
 
दिल्ली: चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन झंडेवालान मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, किए माता रानी के दर्शन

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। सुबह 4 बजे से ही दर्शन-पूजन के लिए मंदिर में कतारें लगी हैं। भक्त माता रानी से आशीर्वाद लेने और पूजा-अर्चना करने के लिए झंडेवालान मंदिर जाते हैं।

झंडेवालान मंदिर के पुजारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि गुरुवार को नवरात्रि का पहला दिन था और आज दूसरा दिन है, जिस दौरान मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। ब्रह्मचारिणी के रूप में माता का श्रृंगार किया गया है। भक्त सुबह 4 बजे से ही दर्शन के लिए कतारों में खड़े हैं।

उन्होंने कहा, "मां भगवती ने शंकर को प्राप्त करने के लिए घोर तप किया था। तब उन्हें भगवान शिव के दर्शन प्राप्त हुए थे। नवरात्रि के दूसरे दिन भक्त स्वाधिष्ठान चक्र में स्थित योग साधना को प्रारंभ करते हैं। साधकों के लिए यह अत्यंत पुण्य दिन है। वे अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण करने के लिए भगवती की आराधना करते हैं।"

झंडेवालान मंदिर के ट्रस्टी रविंदर गोयल ने कहा, "मेरी और मंदिर की ओर से सभी भक्तों को नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। मंदिर में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और बड़ी संख्या में भक्त देवी के दर्शन और आशीर्वाद लेने आ रहे हैं। मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था तीन स्थानों से की गई है। इसके अतिरिक्त, डिजिटल दर्शन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। कोई भी भक्त वेबसाइट पर जाकर दर्शन के लिए अपनी टाइमिंग के साथ बुकिंग कर सकता है।"

उन्होंने बताया कि झंडेवालान मंदिर के बाहर 6 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और इन सभी जगहों पर जूता स्टैंड भी बनाए गए हैं। ट्रस्टी रविंदर गोयल ने कहा कि मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए कारपेटिंग भी की गई है, ताकि उन्हें परेशानी न हो। क्योंकि यह चैत्र नवरात्रि है, इसलिए मंदिर में पूरी थीम बसंत की है। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर में सफाई का खास ख्याल रखा जा रहा है। मंदिर में तीन बार पूरे परिसर की सफाई की जाती है।

ट्रस्टी रविंदर गोयल ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर बताया कि पूरे परिसर में 300 से अधिक सीसीटीवी लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम भी स्थापित है, जहां दिल्ली पुलिस के अधिकारी और मंदिर के सेवादार निगरानी करते हैं। झंडेवालान मंदिर में तीन हजार सेवादार हैं, जिनमें से 350 से अधिक महिला सेवादार भी हैं।

चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु ने कहा, "यहां आने से मन को बहुत शांति मिलती है। मेरा सारा तनाव दूर हो जाता है। मैं हर बार यहां आता हूं। माता रानी की बहुत कृपा है। उन्होंने हमें कोई कमी नहीं छोड़ी है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/