दिल्ली बस रेप मामले में आतिशी बोलीं, भाजपा के हर इंजन के बावजूद महिलाएं असुरक्षित
नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने दिल्ली बस रेप की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
आतिशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यूपी सरकार भाजपा की है। दिल्ली सरकार भाजपा की है। यूपी पुलिस भाजपा की है। दिल्ली पुलिस भाजपा की है। एलजी भाजपा के हैं और एमएचए (गृह मंत्रालय) भाजपा के अधीन है। क्या अब कोई ऐसा इंजन बचा है जो भाजपा का न हो? फिर भी, नोएडा से दिल्ली जा रही बस में एक 16 साल की लड़की का रेप होता है और पूरा देश यह सब देख रहा है।
उन्होंने कहा, "मैं भाजपा से पूछना चाहती हूं कि इस देश में लड़कियां कब तक पीड़ित रहेंगी और हिंसा का शिकार होती रहेंगी? भाजपा इस देश में 12 से 13 साल से सत्ता में है, लेकिन यह बिल्कुल साफ हो गया है कि रेप करने वालों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों को भाजपा सरकार, उसकी पुलिस या अदालतों का कोई डर नहीं है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को पता है कि पुलिस कुछ करने वाली नहीं है। अगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तो सेटलमेंट हो जाएगा और बेल भी मिल जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
