Aapka Rajasthan

दीपोत्सव 2026: योगी सरकार की तैयारियों से मेहमानों के स्वागत को तैयार रामनगरी, होम स्टे में बढ़ी मांग

अयोध्या, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए सज-धजकर तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, पर्यटन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण के समन्वय से पर्यटकों के ठहरने, आवागमन और दीपोत्सव के भव्य आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
 

अयोध्या, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए सज-धजकर तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, पर्यटन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण के समन्वय से पर्यटकों के ठहरने, आवागमन और दीपोत्सव के भव्य आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

राम मंदिर के दर्शन, सरयू घाटों की जगमगाहट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

दीपोत्सव को लेकर अयोध्या के होटल और होम स्टे में बुकिंग की मांग बढ़ गई है। स्थानीय कारोबारियों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। योगी सरकार के नेतृत्व में अयोध्या को प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों के बीच दीपोत्सव स्थानीय पर्यटन कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आ रहा है।

नए घाट के पास स्थित रामप्रस्थ होटल के मैनेजर लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि उनके होटल में 4 से 8 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह है। अयोध्या में की जा रही व्यवस्थाओं को देखकर लोग प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती मांग से आयोजन के दौरान शहर में ठहरने की व्यवस्था की अहमियत भी बढ़ गई है।

अयोध्या स्टेशन रोड स्थित अवध होम स्टे के संचालक अम्बरीश पाण्डेय ने बताया कि उनके यहां 2 से 10 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या विकास प्राधिकरण और सरकार की ओर से अच्छा समन्वय किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। होम स्टे में बढ़ती बुकिंग से स्थानीय स्तर पर ठहरने की सुविधाओं की मांग का भी पता चलता है।

पर्यटक गाइड ओपी सैनी ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। उनके अनुसार, योगी सरकार के प्रयासों से सड़क, घाट, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्थाओं में पहले की तुलना में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि गाइड भी पर्यटकों को राम जन्मभूमि, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों के बारे में सही जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा यादगार बन सके।

दीपोत्सव की तैयारियों का असर स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। मूर्तिकार और धार्मिक सामग्री विक्रेता राजकुमार ने बताया कि राम और हनुमान जी की मूर्तियों, दीयों तथा पूजा सामग्री की मांग में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा मिलने से व्यापार अच्छा चल रहा है। बाहर से आने वाले पर्यटक भी अयोध्या में की जा रही तैयारियों की तारीफ कर रहे हैं। दीपोत्सव को लेकर होटल संचालकों, होम स्टे कारोबारियों, गाइडों और धार्मिक सामग्री विक्रेताओं में दिख रहा उत्साह अयोध्या के पर्यटन और स्थानीय व्यापार के लिए इस आयोजन की अहमियत को दर्शाता है।

--आईएएनएस

डीकेपी/