दीपावली की रात बेंगलुरु में अवैध प्राइवेट पार्टी पर छापा, आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज
बेंगलुरु, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु पुलिस ने दीपावली की रात एक प्राइवेट पार्टी पर छापा मारकर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। बेंगलुरु सिटी सीसीबी की महिला सुरक्षा इकाई ने इस मामले में आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बिना किसी अनुमति के पूरी रात के लिए यह पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें एंट्री फीस लेकर युवक-युवतियों को बुलाया गया था।
पुलिस को 8 नवंबर को रात करीब 10 बजे एक मुखबिर से विशेष जानकारी मिली थी। जानकारी के अनुसार, छाबड़ा हाउस, नंबर 57/2, क्रॉसविंड, करियम्माना अग्रहारा, येमलुर, बेंगलुरु के मकान नंबर 102, पहली मंजिल पर रहने वाला एक व्यक्ति वॉट्सऐप और अन्य ऐप्स के जरिए युवक-युवतियों को बुलाकर अवैध रूप से प्राइवेट पार्टी का आयोजन कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, पार्टी में शामिल होने वाले युवकों से 1,710 रुपए, युवतियों से 1,080 रुपए और जोड़ों से 2,400 रुपए की एंट्री फीस ली गई। इसके अलावा, पार्टी में हुक्का पीने, शराब के सेवन, धूम्रपान, संगीत और अन्य अवैध गतिविधियों का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति के आयोजित इस पार्टी में युवक-युवतियों को हॉपजिक ऐप, पीवी सोशल, वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम और अन्य ऐप्स के जरिए आमंत्रित किया गया था। पार्टी में शामिल लोगों ने अवैध रूप से प्रतिबंधित हुक्के का इस्तेमाल किया, शराब की बोतलें लाकर शराब पी, धूम्रपान किया और तेज संगीत बजाया।
इस मामले में घर के मालिक अनुराग चौहान और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। इन पर आरोप है कि इन्होंने अपने घर में शराब पीने, धूम्रपान करने, संगीत बजाने और अन्य अवैध गतिविधियों की अनुमति दी। पुलिस ने मौके से हुक्का सामग्री, शराब की बोतलें और अन्य सामान भी जब्त किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दीपावली की रात को शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की अवैध पार्टी का आयोजन किया गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद महिला सुरक्षा इकाई की टीम ने मौके पर छापा मारा और पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आबकारी अधिनियम, कोटपा अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पार्टी का आयोजन किसने किया, इसमें कितने लोग शामिल थे और एंट्री फीस का पैसा कहां गया। साथ ही जिन ऐप्स के जरिए लोगों को बुलाया गया, उनकी भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
