Aapka Rajasthan

डी कॉक के शतक पर भारी पड़ी प्रभसिमरन-अय्यर की दमदार पारी, पीबीकेएस ने एमआई को 7 विकेट से हराया

मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में गुरुवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 7 विकेट से हराया। एमआई से मिले 196 रनों के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने सिर्फ 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन ने अर्धशतकीय पारी खेली। आईपीएल 2026 में यह मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार है।
 
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। प्रियांश आर्या 9 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद अल्लाह गजनफर का शिकार बने। वहीं, कूपर कोनोली भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 66 गेंदों में 139 रनों की साझेदारी निभाई।

श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 66 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान अय्यर ने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 89 रन बनाए। वहीं, मार्कस स्टोइनिस 10 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एमआई की तरफ से अल्लाह गजनफर ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि शार्दुल ठाकुर ने एक विकेट चटकाया।

इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। एमआई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। हालांकि, तीसरे विकेट के लिए नमन धीर और क्विंटन डी कॉक ने मिलकर 68 गेंदों में 122 रनों की साझेदारी निभाई। नमन ने 31 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, डी कॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक लगाया। उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 186 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए। हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 14 रन बनाए, तो तिलक वर्मा 8 रन बनाकर रनआउट हुए। गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट निकाले। वहीं, मार्को जानसेन और शशांक सिंह ने एक-एक विकेट निकाला। पंजाब किंग्स की यह इस सीजन की चौथी जीत है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी