डीसीपीयू में नौकरी का मौका: डॉक्टर समेत 11 पदों पर आवेदन जारी, 2 जून तक भरें फॉर्म
पटना, 14 मई (आईएएनएस)। जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) गोपालगंज ने संविदा के आधार पर मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के आवासन हेतु संचालित विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (एसएए) गोपालगंज में अस्थायी पदों के लिए निर्धारित योग्यता एवं मानदण्ड के अनुरूप विभिन्न 11 पदों पर नियोजन हेतु सुयोग्य अभ्यर्थियों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
डीसीपीयू की ओर से जारी 11 पदों में मैनेजर/कोऑर्डिनेटर (प्रबंधक/समन्वयक), सामाजिक कार्यकर्ता-सह-प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षिका, नर्स, डॉक्टर (अंशकालिक), और चौकीदार के 1-1; एवं आया के 6 पद शामिल हैं। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 2 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मैनेजर/कोऑर्डिनेटर पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य/समाजशास्त्र/मनोविज्ञान/बाल विकास/मानवाधिकार लोक प्रशासन/मनोचिकित्सा/कानून/लोक स्वास्थ्य में ग्रेजुएशन और कंप्यूटर अनुप्रयोग में डिप्लोमा; सामाजिक कार्यकर्ता-सह-प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षिका पद के लिए समाज कार्य/मनोविज्ञान/कानून में ग्रेजुएशन; नर्स पद के लिए सरकारी/भारतीय नर्सिंग परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त नर्सिंग संस्थान से नर्सिंग में इंटरमीडिएट (सामान्य नर्सिंग मास्टर)/ग्रेजुएशन की डिग्री; और डॉक्टर पद के लिए एमबीबीएस (बाल रोग विशेषज्ञ) होनी चाहिए। वहीं, कैंडिडेट्स के पास आया और चौकीदार पद के लिए 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास संबंधित पद अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में 1 या 2 वर्षों का अनुभव भी जरूरी है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 18 से 21 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु पुरुषों के लिए 37 वर्ष एवं महिलाओं के लिए 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 6 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर प्रारंभिक मेरिट सूची, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 7,944 से 23,170 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीसीपीयू-गोपालगंज की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद आवेदन पत्र, बायोडाटा, फोटोग्राफ, सभी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र/अंक पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण पत्र (आरक्षण के लाभ हेतु), प्रमाण पत्र (आरक्षण लाभ हेतु), आदि को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
