डासना गेट के पास दुकान में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बाहर निकाले गैस सिलेंडर, टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कमिश्नरेट गाजियाबाद के डासना गेट क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दुकान में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चौपला मंदिर के पास लगी इस आग ने कुछ ही देर में दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
दुकान में बड़ी मात्रा में दोने-पत्तल और अन्य स्टोरेज का सामान रखा हुआ था। इसके अलावा दुकान के अंदर गैस सिलेंडर भी मौजूद थे। आसपास मिठाई सहित कई अन्य दुकानें होने के कारण आग फैलने और बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात करीब 12:08 बजे फायर स्टेशन कोतवाली, कमिश्नरेट गाजियाबाद को चौपला मंदिर स्थित डासना गेट के पास एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी, कोतवाली, दो फायर टेंडरों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि दुकान के अंदर आग लगी हुई थी और दुकान पर ताला लगा हुआ था। आग की चपेट में दुकान के अंदर रखा काफी सामान आ चुका था।
मौके की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान का ताला तुड़वाया। इसके बाद सबसे पहले दुकान के अंदर रखे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया, ताकि आग की चपेट में आने से किसी प्रकार का विस्फोट न हो और कोई बड़ी दुर्घटना न हो सके। सिलेंडर बाहर निकालने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने होज पाइप की मदद से पानी की बौछार करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
अग्निशमन कर्मियों ने आपसी समन्वय और तेजी के साथ पंपिंग की कार्रवाई करते हुए आग को चारों तरफ फैलने से रोकने का प्रयास किया। कुछ ही समय में टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान विशेष सावधानी बरती गई, क्योंकि दुकान के आसपास मिठाई की दुकान समेत कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद थे। यदि आग आसपास की दुकानों तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया। इससे आसपास की सभी दुकानें सुरक्षित बच गईं और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस के जवानों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
फायर विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल आसपास के दुकानदारों की संपत्ति को सुरक्षित बचाया गया, बल्कि दुकान के अंदर रखे गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकालकर एक संभावित गंभीर दुर्घटना को भी टाल दिया गया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
