श्री चरणी-कैथरीन ब्राइस को पछाड़कर डैनी वायट-हॉज ने जीता 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज को जून 2026 के लिए 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड का विजेता चुना गया है, जिन्होंने 'आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026' में शानदार प्रदर्शन किया था।
डैनी ने स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और भारत की लेफ्ट-आर्म स्पिनर एन श्री चरणी को पछाड़कर यह अवॉर्ड अपने नाम किया है। इससे पहले नवंबर 2024 में भी डैनी इस खिताब को अपने नाम कर चुकी थीं।
डैनी वायट-हॉज ने सोमवार को 'आईसीसी' के एक बयान में कहा, "मैं आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतकर बहुत खुश हूं, खासकर इसलिए क्योंकि यह घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप में किए गए प्रदर्शन के लिए मिला है। आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप खेल के लिए एक शानदार मौका था। लॉर्ड्स में फाइनल खेलने का मौका मिलना एक ऐसी याद है जिसे मैं और मेरी टीम की साथी हमेशा संजोकर रखेंगी।"
डैनी ने कहा, "भले ही हम ट्रॉफी नहीं जीत पाए, लेकिन हमने अपना सब कुछ झोंक दिया। हमें इस बात का गर्व है कि हम ऐसे टूर्नामेंट का हिस्सा बने जिसने फैंस का दिल जीत लिया। मुझे उम्मीद है कि इससे बनी यादें आने वाले वर्षों में और भी कई युवा लड़कियों और लड़कों को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। मैं इस सम्मान के लिए आईसीसी की आभारी हूं और इंग्लैंड के लिए आगे भी कई मैच जिताऊ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं।"
दाएं हाथ की 35 वर्षीय खिलाड़ी ने इंग्लैंड को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। 7 मुकाबलों में 60.40 की औसत के साथ 302 रन बनाकर डैनी टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। ऐसा करके उन्होंने साल 2020 के टूर्नामेंट में बेथ मूनी के 259 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था। डैनी टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में 300 रनों का आंकड़ा पार करने वाली पहली खिलाड़ी भी बनीं।
डैनी ने जून 2026 में 6 मैच खेले, जिसमें 71.75 के शानदार औसत और 151.85 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 287 रन बनाए। डैनी के इस शानदार प्रदर्शन में श्रीलंका के खिलाफ 62 गेंदों पर नाबाद 105 रन और वेस्टइंडीज के विरुद्ध मैच 65 रनों की मैच जिताऊ पारी शामिल है। इसके अलावा, डैनी ने 53 गेंदों पर नाबाद 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।
--आईएएनएस
आरएसजी
