डल स्किन से छुटकारा पाना है? सेब-चुकंदर-गाजर का जूस देगा नेचुरल ग्लो
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मी में धूल, धूप और प्रदूषण के चलते चेहरे की चमक धीरे-धीरे कम होने लगती है और त्वचा बेजान नजर आने लगती है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि असली निखार तब आता है जब शरीर अंदर से स्वस्थ हो। इसी कड़ी में सेहत और स्किन के लिए एक खास तरह का प्राकृतिक जूस तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसे सेब, चुकंदर और गाजर को मिलाकर तैयार किया जाता है।
हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि यह मिक्स्ड जूस शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने के साथ-साथ त्वचा की कोशिकाओं को अंदर से मजबूत करता है। जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं, तो उसका असर सीधे चेहरे पर दिखाई देता है। यह जूस खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जिनकी त्वचा डल हो गई है या जिन पर उम्र के निशान जल्दी दिखने लगे हैं।
सेब में मौजूद विटामिन सी शरीर में कोलेजन बनाने की प्रक्रिया को बढ़ावा देता है। कोलेजन एक ऐसा प्रोटीन है जो त्वचा को टाइट रखता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, शरीर में कोलेजन का स्तर कम होने लगता है, जिससे झुर्रियां और ढीलापन आने लगता है। सेब में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स फ्री रेडिकल्स को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, सेब का रस शरीर में पानी की मात्रा संतुलित रखता है, जिससे त्वचा हाइड्रेटेड रहती है और उसमें नेचुरल चमक आती है।
वहीं चुकंदर को खून साफ करने वाला प्राकृतिक स्रोत माना जाता है। इसमें मौजूद नाइट्रेट्स शरीर में जाकर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदलते हैं, जिससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और त्वचा तक ज्यादा ऑक्सीजन और पोषण पहुंचता है। जब त्वचा को पर्याप्त पोषण मिलता है, तो वह ज्यादा चमकदार दिखती है। इसके साथ ही चुकंदर लिवर के काम को भी बेहतर बनाता है, जिससे शरीर से विषैले तत्व बाहर निकलते हैं। यही प्रक्रिया त्वचा को साफ बनाने में मदद करती है।
गाजर भी इस जूस का एक अहम हिस्सा है, जिसमें बीटा कैरोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह शरीर में जाकर विटामिन ए में बदल जाता है, जो त्वचा की मरम्मत और नई कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। विटामिन ए त्वचा को सूखने से बचाता है और उसे मुलायम बनाए रखता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जब सेब, चुकंदर और गाजर को मिलाकर जूस बनाया जाता है, तो यह शरीर के लिए एक शक्तिशाली पोषण स्रोत बन जाता है। यह जूस त्वचा को अंदर से पोषण देने के साथ-साथ शरीर को डिटॉक्स करने, खून को साफ रखने और कोशिकाओं को स्वस्थ बनाने में भी मदद करता है।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
