दक्षिण कोरिया: पीएम पद की नॉमिनेटेड उम्मीदवार ने बेचे अपने तीन मकान
सोल, 23 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की प्रधानमंत्री पद की नामित उम्मीदवार हान सियोंग-सुक ने अपने स्वामित्व वाले तीन मकान बेच दिए हैं, और अब उनके पास सिर्फ एक घर बचा है। उनके कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब वह संसदीय पुष्टि (कन्फर्मेशन) सुनवाई की तैयारी कर रही हैं, जिसमें उनके पास कई मकानों का स्वामित्व विपक्ष के प्रमुख आलोचनात्मक मुद्दों में से एक माना जा रहा था।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार हान, जो पिछले वर्ष सरकार में शामिल होने से पहले दक्षिण कोरिया की प्रमुख ऑनलाइन पोर्टल कंपनी नावेर की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रह चुकी हैं, ने सोल में तीन और ग्योंगगी प्रांत में एक मकान का स्वामित्व रखा था।
विपक्ष का आरोप है कि कई मकानों का स्वामित्व रखना राष्ट्रपति ली जे-म्युंग की उन आलोचनाओं के विपरीत है, जिनमें उन्होंने बहु-आवास स्वामित्व और रियल एस्टेट सट्टेबाजी की निंदा की थी।
कार्यालय के अनुसार, हान के पास अब केवल सोल के केंद्रीय क्षेत्र सामचियोंग-डोंग में स्थित एक मकान ही बचा है।
कार्यालय ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार हान सियोंग-सुक का मानना है कि एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के रूप में उनकी बड़ी जिम्मेदारी है और वह सरकार की रियल एस्टेट नीति को लागू करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।”
हान की संसदीय पुष्टि सुनवाई गुरुवार और शुक्रवार को निर्धारित है। उनकी नियुक्ति के अनुमोदित होने की संभावना प्रबल मानी जा रही है, क्योंकि सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के पास राष्ट्रीय विधानसभा में बहुमत है।
हाल ही में राष्ट्रपति ने उनको इस पद के लिए नॉमिनेट किया था। हान को निवर्तमान प्रधानमंत्री किम मिन सुक का उत्तराधिकारी नामित किया। सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ हान इससे पहले ली सरकार में लघु एवं मध्यम उद्यम और स्टार्टअप मंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं।
अपने नामांकन के बाद हान सियोंग सुक ने कहा था कि अगर उन्हें देश के दूसरे शीर्ष संवैधानिक पद पर नियुक्त किया जाता है तो वो आम लोगों की आजीविका को बेहतर करने पर जोर देंगी।
हान ने पत्रकारों से कहा, "अगर मुझे प्रधानमंत्री की अहम जिम्मेदारी दी जाती है, तो मैं लोगों की आजीविका से जुड़ी आपातकालीन स्थिति को हल करने में अपनी पूरी ऊर्जा लगा दूंगी।"
राष्ट्रपति ली ने अपने एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उन्होंने किसी पेशेवर राजनेता के बजाय हान को इसलिए चुना क्योंकि वह व्यावहारिक दृष्टि से काम करने के लिए उपयुक्त हैं, जबकि राजनीतिक पहलुओं का काम सत्तारूढ़ पार्टी संभाल सकती है।
59 वर्षीय हान ने 1989 में सुकम्यॉन्ग वुमेन्स यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद एक स्थानीय कंप्यूटर पत्रिका में पत्रकार के रूप में करियर शुरू किया।
1997 में वह एम्पास नामक वेब सर्च इंजन और पोर्टल कंपनी से जुड़ीं और उसके संस्थापक सदस्यों में शामिल रहीं।
इसके लगभग दस साल बाद वह एनएचएन कंपनी में शामिल हुईं और आगे चलकर नेवर जैसी बड़ी इंटरनेट कंपनी की आधारशिला रखी गई। हान के प्रयासों का प्रतिफल रहा कि नेवर दक्षिण कोरिया का प्रमुख इंटरनेट प्लेटफॉर्म साबित हुआ।
--आईएएनएस
केआर
