दक्षिण कोरिया में डेमोक्रेटिक पार्टी नेतृत्व की दौड़ शुरू, पूर्व प्रधानमंत्री किम भी दावेदार
सोल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी (डीपी) के भीतर नेतृत्व की दौड़ तेज हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री और चार बार के सांसद किम मिन-सेओक ने सोमवार को पार्टी प्रमुख पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, किम ने कहा कि वे राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के नेतृत्व वाली सरकार की सफलता के लिए पार्टी में व्यापक सुधार लाना चाहते हैं। उन्होंने यह घोषणा ग्वांगजू शहर में की, जिसे देश में उदारवादी पार्टी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है।
उन्होंने कहा, " पिछले एक वर्ष में पार्टी जनता के समर्थन को राजनीतिक सफलता में बदलने में पूरी तरह सफल नहीं रही है, इसलिए अब बड़े बदलाव जरूरी हैं।" किम ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी को फिर से मजबूत और जीतने वाली पार्टी बनाना होगा, जैसा कि पहले ली जे-म्युंग के नेतृत्व में देखा गया था।
किम ने यह भी चेतावनी दी कि यदि नेतृत्व में बदलाव नहीं हुआ तो पार्टी आगामी आम चुनावों में हार का सामना कर सकती है। उन्होंने पार्टी सदस्यों से उनके समर्थन की अपील की।
पूर्व पीएम ने कहा कि बड़े बदलावों की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया, " डीपी आम लोगों का समर्थन हासिल नहीं कर पाई है। यही कारण है कि जैसी चुनावी जीत की अपेक्षा है वैसी मिल नहीं पा रही है और अहम मुकाबलों में हम चूक जा रहे हैं।"
हाल के स्थानीय चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 16 में से 12 मेयर और गवर्नर सीटें जीती थीं, लेकिन सोल जैसे अहम मुकाबलों में उसे हार मिली थी।
किम मिन-सिओक राष्ट्रपति ली के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। वे जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री बने थे और पिछले सप्ताह उन्होंने पद छोड़ दिया।
अब वे पार्टी नेतृत्व की दौड़ में सांसद जंग चुंग-राए और पूर्व पार्टी प्रमुख सॉन्ग यंग-गिल के खिलाफ मुकाबला कर सकते हैं।
--आईएएनएस
केआर/
