दादरी में अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ दो युवक गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
ग्रेटर नोएडा, 22 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरियाणा की 34 पेटी अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल एक कार बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 3.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शुक्रवार 22 मई को थाना दादरी पुलिस द्वारा दादरी बाईपास स्थित जारचा अंडरपास के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वेश और निशांत के रूप में हुई है।
सर्वेश मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र स्थित दैपुरा गांव का निवासी है और उसकी उम्र 32 वर्ष बताई गई है। वहीं दूसरा आरोपी निशांत, भिंड जिले के ही कारेकपुरा गांव का रहने वाला है, जिसकी उम्र करीब 20 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 34 पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसे हरियाणा से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की तैयारी थी। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में थाना दादरी पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
