सीडब्ल्यूजी 2026 से जुड़ी सभी अहम जानकारी, जानिए कहां देख पाएंगे टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग
ग्लासगो, 22 जुलाई (आईएएनएस)। ओलंपियन और वर्ल्ड चैंपियन समेत कई स्टार खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए ग्लासगो में इकट्ठा हो रहे हैं। ये गेम्स 23 जुलाई से शुरू होकर 2 अगस्त तक चलेंगे। ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स के 23वें संस्करण में इस बार सिर्फ 10 खेलों को शामिल किया गया है, जो बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के मुकाबले नौ खेल कम हैं। इसके अलावा, छह पैरा स्पोर्ट्स भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। सभी मुकाबले ग्लासगो में आठ मील के दायरे में मौजूद चार प्रमुख स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कॉट्सटाउन स्टेडियम, स्कॉटिश इवेंट कैंपस, ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना और टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर शामिल हैं।
एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा-स्विमिंग, 3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा-ट्रैक साइकिलिंग, वेटलिफ्टिंग और पैरा-पावरलिफ्टिंग, बाउल्स और पैरा-बाउल्स, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, नेटबॉल, बॉक्सिंग और जूडो ग्लासगो 2026 के शेड्यूल में शामिल हैं।
भारत ने पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में 61 मेडल जीते थे। ग्लासगो में देश ने पैरा-एथलेटिक्स समेत 125 लोगों का दल भेजा था। भारत की एथलेटिक्स टीम ग्लासगो में सबसे बड़ा आकर्षण होगी और इसे जेवलिन थ्रो के स्टार नीरज चोपड़ा लीड करेंगे, जो 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन हैं। टीम में कई नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर और मुरली श्रीशंकर जैसे बड़े इंटरनेशनल मेडलिस्ट भी शामिल हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत का कैंपेन गुरुवार (23 जुलाई) को लॉन बाउल्स के साथ शुरू होगा, जो एक ऐसा इवेंट है जिसमें देश को 2022 बर्मिंघम गेम्स में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल मिला था। ऑस्ट्रेलिया बर्मिंघम 2022 मेडल टेबल में 179 मेडल के साथ टॉप पर रहा, जिसमें 67 गोल्ड शामिल हैं। इंग्लैंड की टीम 176 मेडल के साथ ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ तीन मेडल पीछे रही थी। स्कॉटलैंड ने 13 गोल्ड के साथ 51 मेडल जीते थे।
सीडब्ल्यूजी 2026 के वेन्यू
स्कॉटस्टाउन स्टेडियम – एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स
एसईसी सेंटर – बॉक्सिंग, बाउल्स, पैरा बाउल्स, जूडो, 3x3 बास्केटबॉल, और व्हीलचेयर 3x3 बास्केटबॉल
एसईसी आर्माडिलो – वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग
ओवीओ हाइड्रो – नेटबॉल
टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर – स्विमिंग और पैरा स्विमिंग
सर क्रिस होय वेलोड्रोम और एरिना – ट्रैक साइकिलिंग, पैरा ट्रैक साइकिलिंग और आर्टिस्टिक जिमनास्टिक्स।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का टेलीकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी।
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव ब्रॉडकास्ट कहां देखें?
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव ब्रॉडकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और दूरदर्शन (डीडी नेशनल) पर उपलब्ध होगा।
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम
