सीडब्ल्यूजी 2026: ब्रॉन्ज मेडल से चूकीं मनप्रीत, स्टीपलचेज में पांचवें स्थान पर रहीं पारुल चौधरी
ग्लासगो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मनप्रीत कौर महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल से चूक गईं। वहीं, शीर्ष दूरी की धावक पारुल चौधरी 3 हजार मीटर स्टीपलचेज में पांचवें स्थान पर रहीं।
कनाडा की सारा मिट्टन ने अपने पहले थ्रो में 18.50 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआती बढ़त बनाई। मनप्रीत ने 15.92 मीटर से शुरुआत की और पांचवें राउंड में अपने बेस्ट थ्रो के साथ 17.49 मीटर तक सुधार किया, जिससे वह तीसरे स्थान पर चल रही थीं। हालांकि, जमैका की लॉड्रिसिया कैमरून ने अपने आखिरी टर्न पर 17.87 मीटर के थ्रो के साथ उन्हें पीछे छोड़ दिया।
इस थ्रो ने कैमरून को नाइजीरिया की जेसिका ओजी के बराबर 17.87 मीटर पर पहुंचा दिया। ओजी के तीसरे राउंड में बेस्ट थ्रो के चलते कैमरून सिल्वर मेडल से चूक गईं। मनप्रीत के पास अपने आखिरी थ्रो में उन्हें पीछे छोड़ने का मौका था, लेकिन वह फाउल कर बैठीं और मेडल से चूक गईं। सारा मिट्टन ने 19.88 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ लगभग दो मीटर से गोल्ड मेडल जीता।
महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी ने 9:26.75 का समय निकाला और पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि केन्या की फेथ चेरोटिच ने 9:01.76 के गेम्स रिकॉर्ड टाइम के साथ गोल्ड मेडल जीता। इंग्लैंड की एलिस थॉर्नर ने अपना पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन करते हुए युगांडा की पर्सुथ चेमुताई को पीछे छोड़कर 9:05.45 के टाइम के साथ सिल्वर मेडल जीता।
पारुल शुरू में लीड ग्रुप में थीं, लेकिन बीच के स्टेज में वह पीछे हो गईं। उन्होंने आखिरी लैप में किक मारने की कोशिश की, लेकिन गैप इतना बड़ा था कि उसे पूरा नहीं किया जा सका। हालांकि, पुरुषों की लॉन्ग जंप में मुरली श्रीशंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, पैरा एथलीट दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 रेस में गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, मोहम्मद बासिल ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी
