करोड़ों रुपए के ड्रग्स बरामद होने पर हर्षवर्धन सपकाल का आरोप, सरकार के दबाव में पुलिस बनी रही मूकदर्शक
मुंबई, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुंबई क्राइम ब्रांच की तरफ से बरामद किए गए 115 करोड़ रुपए के ड्रग्स को पुलिस की विफलता का नतीजा बताया।
उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुंबई पुलिस को इस मामले में पहले कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस का रवैया हमेशा से ही उदासीन रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे और उनके पुत्र श्रीकांत शिंदे के लोगों के दबाव में सरकार ने वहां पर अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन सरकार के दबाव में पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। मुझे तो यह जानकर हैरानी हो रही है कि भाजपा को क्या हो गया है। ये तो वही भाजपा है न, जिसने नारा दिया था कि न मैं खाऊंगा और न ही खाने दूंगा, लेकिन मौजूदा समय में भाजपा अपने नारों के विपरीत जाकर काम करती हुई दिख रही है। मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम इस तरह की स्थिति को अब महाराष्ट्र में किसी भी कीमत पर स्वीकार करने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी में राजनीतिक सभ्यता पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है। अब यह पार्टी राजनीति गरिमा को ताक पर रखने पर आमादा हो चुकी है। अब इस पार्टी में अहंकार अपने चरम पर पहुंच चुका है।
हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि हम वोट चोरी के मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे। हम इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच में जाएंगे और लोगों को बताएंगे कि किस तरह से भाजपा वोट चोरी करके राजनीतिक स्थिति को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। हम भाजपा की इस तरह की कोशिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। यह बात किसी से छुपी नहीं है कि किस तरह से चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में काम कर रहा है। इसी वजह से लगातार भाजपा राजनीतिक लाभ अर्जित करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज की तारीख में चुनाव आयोग पूरी तरह से मजाक बन चुका है, जो अपने तरीके से काम कर रहा है, लेकिन हम लोगों के बीच में जाएंगे और चुनाव आयोग की हकीकत के बारे में लोगों को बताएंगे। हम लोगों को बताएंगे कि किस तरह से वोटों की चोरी हुई है। जनता का जो भी निर्णय होगा, वो हमें सहर्ष स्वीकार होगा।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
