क्रिकेट स्कॉटलैंड की बड़ी घोषणा, अफगानिस्तान के साथ आईसीसी इवेंट्स के अलावा कोई मैच नहीं
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। क्रिकेट की दुनिया में पिछले 5 साल में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराने वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्रिकेट स्कॉटलैंड के एक ताजा फैसले अफगानिस्तान क्रिकेट की मुश्किल बढ़ा दी है।
क्रिकेट स्कॉटलैंड ने घोषणा की है कि तालिबान सरकार द्वारा अफगानिस्तान में महिलाओं और लड़कियों के साथ हो रहे गलत बर्ताव के विरोध में आईसीसी इवेंट्स के अलावा अफगानिस्तान के खिलाफ वे कोई मैच नहीं आयोजित करेंगे।
बोर्ड ने सभी अनुबंधित पुरुष और महिला क्रिकेटरों को नई नीति के बारे में बता दिया है।
एक बयान में बोर्ड ने कहा, "क्रिकेट स्कॉटलैंड अपने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुबंध में बताई गई अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करेगा। अगर एनओसी जारी किया जाता है, तो खिलाड़ी/खिलाड़ियों के हिस्सा लेने का मतलब यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि क्रिकेट स्कॉटलैंड मौजूदा अफगान शासन या उसकी नीति का समर्थन कर रहा है। स्कॉटलैंड अफगानिस्तान के साथ तभी खेलेगा जब आईसीसी अपने इवेंट्स में ऐसा करने के लिए कहेगा, जिसमें वार्म-अप मैच भी शामिल हैं।"
बोर्ड ने कहा, "हम अफगानिस्तान के खिलाफ कोई भी क्रिकेट पहले से शेड्यूल नहीं करेंगे जब तक कि अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट और बड़े मानवाधिकारों के मामलों में कोई बड़ा बदलाव न हो।"
अफगानिस्तान के आयरलैंड दौरे से पहले स्कॉटलैंड में ट्रेनिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने के अनुरोध के बाद, क्रिकेट स्कॉटलैंड के बोर्ड ने इस गर्मी में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के साथ अपने जुड़ाव की समीक्षा की। एसीबी के अनुरोध को आखिरी समय में होने और जगह की अनुपलब्धता के कारण ठुकरा दिया गया था।
क्रिकेट स्कॉटलैंड ने कहा कि यह समीक्षा अफगानिस्तान प्रीमियर लीग टी20 (एपीएल) के लिए स्कॉटिश खिलाड़ियों की संभावित उपलब्धता पर एसीबी के नजरिए के कारण भी किया गया था।
सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुनसे एपील की ड्राफ्ट में साइन किए गए स्कॉटलैंड के एकमात्र खिलाड़ी हैं। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने कहा है कि मुनसे को तब तक एनओसी नहीं दी जाएगी, जब तक लीग को आईसीसी से मंजूरी नहीं दी जाएगी।
स्कॉटलैंड ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से अफगानिस्तान के साथ कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 के दौरान वार्म-अप मैचों में दोनों टीमें जरूर आमने-सामने हुई हैं।
बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान सरकार द्वारा महिलाओं के साथ हो रहे बर्ताव के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) भी अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी टीम के लिए कोई द्विपक्षीय सीरीज आयोजित नहीं करते। ये टीमें आईसीसी इवेंट में भी एक दूसरे के आमने-सामने होती हैं।
--आईएएनएस
पीएके
