सीपीएल 2026: शादाब, मुकिम की घातक गेंदबाजी, गुयाना को 9 विकेट से हराकर एंटिगुआ फाइनल में पहुंची
ब्रिजटाउन, 18 सितंबर (आईएएनएस)। केंसिंग्टन ओवल में खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 9 विकेट से हराकर एंटिगुआ बारबुडा फाल्कंस ने सीपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है।
एंटिगुआ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुयाना अमेजन ने बेहद निराशाजनक बल्लेबाजी की और पूरी टीम 15 ओवर में 76 रन पर सिमट गई। ग्लेन फिलिप्स ने 16, शाई होप ने 16 और रोमारियो शेफर्ड ने 14 रन बनाए।
एंटिगुआ की तरफ से शादाब खान और सुफियान मुकीम ने शानदार गेंदबाजी की, और अमेजन को 76 रन पर समेटने में इन्हीं दोनों स्पिनरों की भूमिका रही। शादाब ने 4 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि मुकिम ने 4 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट लिए।
जोशुआ जेम्स और शामार स्प्रिंगर ने 1-1 विकेट लिए।
77 का लक्ष्य एंटिगुआ ने 5.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। रखीम कॉर्नवॉल ने 16 गेंदों पर 6 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 49 रन बनाए। एविन लुईस 13 गेंदों पर 23 और अमिर जंगू 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
शादाब खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लीग स्टेज में दमदार प्रदर्शन के दम पर अंकतालिका में शीर्ष पर रहते हुए अंतिम-4 में जगह बनाने वाली गुयाना अमेजन वॉरियर्स का लगातार दूसरे मैच में निराशाजनक प्रदर्शन रहा। टीम ने लगातार दूसरे मैच में अपनी बल्लेबाजी से निराश किया।
अमेजन वॉरियर्स के पास अब भी फाइनल में जगह बनाने का मौका है। इसके लिए अमेजन को क्वालीफायर 2 में जमैका किंग्समेन को हराना होगा। अमेजन और जमैका किंग्समेन के बीच होने वाले मैच का विजेता ही 21 सितंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले में एंटिगुआ का मुकाबला करेगा। अमेजन का पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन रहा है। ऐसे में इमरान ताहिर की कप्तानी वाली ये टीम दूसरे क्वालीफायर में निश्चित रूप से जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।
--आईएएनएस
पीएके
