Aapka Rajasthan

काउंटी चैंपियनशिप: भारी विरोध के बाद हैंपशायर ने कुग्गेलैन को टीम से हटाया, वजह चौंका देगी

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर चयन का भारी विरोध होने के बाद हैंपशायर ने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर स्कॉट कुग्गेलैन को क्लब से हटा दिया है। क्लब ने एक दिन पहले ही वार्विकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें स्कॉट कुग्गेलैन शामिल थे, लेकिन एक दिन बाद ही क्लब को अपना फैसला बदलना पड़ा।
 

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर चयन का भारी विरोध होने के बाद हैंपशायर ने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर स्कॉट कुग्गेलैन को क्लब से हटा दिया है। क्लब ने एक दिन पहले ही वार्विकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें स्कॉट कुग्गेलैन शामिल थे, लेकिन एक दिन बाद ही क्लब को अपना फैसला बदलना पड़ा।

कुग्गेलैन को चैंपियनशिप के आखिरी चार मुकाबलों के लिए क्लब से जुड़ना था। मगर क्लब की तरफ से बुधवार को जारी बयान में इस बात की पुष्टि की गई कि कुग्गेलैन अब क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे।

साल 2015 में स्कॉट कुग्गेलैन पर बलात्कार का आरोप लगा था, जिसके बाद उन पर दो बार मुकदमा चला। साल 2016 में हुए पहले मुकदमे में जूरी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी और साल 2017 में दूसरे मुकदमे में उन्हें बरी कर दिया गया।

हैंपशायर क्रिकेट क्लब ने अपने बयान में कहा, "स्टाफ और समर्थकों से मिली प्रतिक्रिया पर विचार करने के बाद हैंपशायर क्रिकेट यह पुष्टि करता है कि स्कॉट कुग्गेलैन क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे।"

बयान में आगे कहा गया, "हम अपने फैंस के जुनून और उनके विचार साझा करने के लिए समय निकालने की सराहना करते हैं। अब हमारा पूरा ध्यान सीजन के शेष चार काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों में टीम का समर्थन करने पर है। हम सभी से अपील करते हैं कि अभियान के इस महत्वपूर्ण चरण में टीम के पीछे एकजुट होकर खड़े रहें।"

जब साल 2023 में न्यूजींलैंड ने कुग्गेलैन को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट कैप सौंपी थी, उस समय भी इसका भारी विरोध हुआ था। हालांकि, उस समय ब्लैक कैप्स के कोच गैरी स्टेड ने कुग्गेलैन के चयन का बचाव किया था, जिन्हें चोटिल काइल जैमीसन की जगह टीम में शामिल किया गया था।

34 वर्षीय स्कॉट कुग्गेलैन ने न्यूजीलैंड की तरफ से 3 टेस्ट और 2 वनडे और 18 टी20 मैच खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके नाम कुल 27 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा, कुग्गेलैन 114 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 379 विकेट ले चुके हैं। 118 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 175 विकेट दर्ज हैं। इस खिलाड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी दो मैच खेले हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी