Aapka Rajasthan

पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस और बीएसएफ ने जब्त की 6.5 किलो हेरोइन, फायरिंग के बाद भागे तस्कर

चंडीगढ़, 21 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार को फाजिल्का के पास 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच में हेरोइन पाकिस्तान से लाने की जानकारी मिली है।
 
पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस और बीएसएफ ने जब्त की 6.5 किलो हेरोइन, फायरिंग के बाद भागे तस्कर

चंडीगढ़, 21 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार को फाजिल्का के पास 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच में हेरोइन पाकिस्तान से लाने की जानकारी मिली है।

डीजीपी पंजाब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स" पर बताया कि पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर गांव महतम नगर सदर फाजिल्का के पास सीमा पार से होने वाली तस्करी की कोशिश को नाकाम किया। तलाशी अभियान में लगभग 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

शुरुआती जांच में यह पता चला कि पाकिस्तान स्थित तस्कर ‘जीरो-लाइन’ पार कर सीमा पर लगी बाड़ तक पहुंचे और अंधेरे का फायदा उठाकर नशीले पदार्थ भारत में भेजने का प्रयास कर रहे थे। काउंटर इंटेलिजेंस से मिली पक्की सूचना के आधार पर बीएसएफ के चौकस जवानों ने घुसपैठ रोकने के लिए कई राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद दोनों बलों ने मिलकर क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें हेरोइन बरामद हुई।

डीजीपी ने कहा कि यह कार्रवाई सीमा पर निगरानी और सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दोहराया कि वे सीमा पार से होने वाली तस्करी और नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को पूरी दृढ़ता से लागू करेंगे।

डीजीपी ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या बीएसएफ को दें, ताकि तस्करी और अपराधों पर कड़ा नियंत्रण रखा जा सके।

इसी क्रम में 15 मार्च को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियारों और ड्रग्स तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की थी। आरोपियों के कब्जे से 60 कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की गई थी। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई को अमृतसर सीमा क्षेत्र में चल रहे नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस की सतत मुहिम का हिस्सा बताया था।

पंजाब डीजीपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद हथियार और हेरोइन का संबंध पाकिस्तान के तस्करों से है, जो भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति में मदद कर रहे थे। आरोपी सीमा पार से आने वाले एक दलाल के अधीन काम कर रहे थे, जिससे एक बड़े संगठित तस्करी नेटवर्क का संकेत मिलता है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी