Aapka Rajasthan

महाराष्ट्र: चंद्रपुर में आश्रमशाला के भोजन में गिरी छिपकली, खाने के बाद 31 बच्चे हुए बीमार

पुणे, 1 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के जिवती तहसील के नगराला स्थित श्री अंब्रू नाईक माध्यमिक आश्रमशाला से एक गंभीर मामला सामने आया है। छिपकली गिरा खाना खाने के कुछ ही देर बाद विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई।
 

पुणे, 1 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के जिवती तहसील के नगराला स्थित श्री अंब्रू नाईक माध्यमिक आश्रमशाला से एक गंभीर मामला सामने आया है। छिपकली गिरा खाना खाने के कुछ ही देर बाद विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई।

खाना खाने के कुछ ही देर बाद उन्हें मितली, उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत होने लगी। 31 विद्यार्थियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में स्कूल प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

दरअसल, जिवती तालुका के नगराला स्थित श्री अंब्रू नाईक माध्यमिक आश्रमशाला में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे विद्यार्थियों को भोजन दिया गया था। आरोप है कि खाना बनाते समय उसमें छिपकली गिर गई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया और वही भोजन विद्यार्थियों को परोस दिया गया। भोजन करने के कुछ समय बाद विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

विद्यार्थियों को तत्काल जिवती के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया, हालांकि उपचार की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें राजुरा के उप जिला ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सभी भर्ती विद्यार्थियों की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद आश्रमशाला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों में भारी नाराजगी है।

अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण मासूम विद्यार्थियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और संस्थाचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शिक्षा विभाग और पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी