चुनाव आयोग पर उठते सवालों के बीच ट्रंप के बयान को प्रचारित कर रही सरकार: विपक्ष
लखनऊ, 18 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'सेव अमेरिका एक्ट' के समर्थन में भारत की चुनाव प्रणाली का जिक्र करने वाले बयान पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कहा कि चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठ रहे हैं तो अब विदेशी नेताओं के बयान के जरिए उसे सही साबित करने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि देश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भारी आलोचना हो रही है। ऐसे में क्या अब सरकार विदेशों से मदद मांग रही है, तभी ट्रंप के बयान को इतनी प्रमुखता से प्रचारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "भारत का चुनाव आयोग पहले बेहतरीन तरीके से काम करता था। जब तक ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं बने थे और जब तक भाजपा की सरकार केंद्र में नहीं आई थी, तब तक इस चुनाव आयोग को पूरी दुनिया में प्रशंसा मिली थी।"
सुरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि आज चुनाव आयोग संदेह के घेरे में है। ऐसे में अब ट्रंप के बयान का सहारा लेकर उस संदेह को गलत साबित करने की कोशिश की जा रही है। यह बहुत ही शर्म की बात है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने ट्रंप से पूछा था कि बिना फोटो पहचान-पत्र के अमेरिका में इतने बड़े पैमाने पर चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, "सवाल ही गलत है। इसके बजाय उनको यह पूछना चाहिए था कि आपके देश में लोकतंत्र पर हमला क्यों नहीं हुआ और लोकतंत्र पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए।"
आशुतोष वर्मा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार अमेरिका जाकर फोटो आईडी और वोटर आईडी की बात करते हैं, लेकिन ये नहीं बताते कि देश के 80 प्रतिशत लोग उन पर सवाल उठाते हैं। ये बातें क्यों नहीं करते हैं।
सपा प्रवक्ता ने कहा, "लोकतंत्र में एक तरफ का संवाद नहीं होना चाहिए। अमेरिका में लोकतंत्र जीवित है और वो हमें दिखता है। आज भी वहां बैलेट पेपर से चुनाव होते हैं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
