Aapka Rajasthan

कांग्रेस-सपा सीट बंटवारे पर भाजपा का तंज, कांग्रेस के पास न बल बचा, न जमीनी कार्यकर्ता

मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनिकेत निकम ने यूपी में कांग्रेस-सपा सीट बंटवारे और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न बल बचा, न जमीनी कार्यकर्ता, इसलिए वह 181 सीटों की मांग से 15 मिनट में ही 131 पर आ गई।
 

मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनिकेत निकम ने यूपी में कांग्रेस-सपा सीट बंटवारे और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न बल बचा, न जमीनी कार्यकर्ता, इसलिए वह 181 सीटों की मांग से 15 मिनट में ही 131 पर आ गई।

भाजपा प्रवक्ता अनिकेत निकम ने कहा, "ऐसा है कि कांग्रेस के पास न कोई बल है, न स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की कोई ताकत उनके साथ बची है। इस वजह से जो कांग्रेस शुरुआत में 181 सीटों की मांग कर रही थी, वह महज 15 मिनट में 131 सीटों पर आ चुकी है और याचना कर रही है कि हमें 131 दे दीजिए। हालांकि, वह उनका आंतरिक मामला है, तो मुझे उस पर कुछ टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि अगर सपा के साथ बैठक 15-20 मिनट और चलती, तो ये 131 से लेकर 100 के नीचे तक पहुंच जाती। देखते हैं, आगे कैसा होता है।"

उन्होंने कहा कि अभी असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पहले हम यूपी पर कब्जा करेंगे, उसके बाद दिल्ली के लाल किले पर हम हरा झंडा फहराएंगे। इस पर आप क्या कहेंगे?

एआईएमआईएम प्रवक्ता के बयान पर अनिकेत निकम ने कहा कि मुझे लगता है कि वह हार की मानसिकता के शिकार हैं और उसी वजह से हर जगह हरे-हरे करते घूम रहे हैं। यह कब्जा करने वाली बात हमारे देश में नहीं चलती है। हमारा देश संविधान से चलता है और एक पक्ष का उम्मीदवार चुनकर वहां पर आता है, न कि वोट बैंक पर कब्जा करके।

उन्होंने कहा कि कब्जे वाली इनकी जो मानसिकता है, लोग बार-बार उन्हें उनकी जगह दिखा देंगे। और रही बात लाल किले की, तो लाल किला एआईएमआईएम की कोई जागीर नहीं है। लाल किले पर सिर्फ और सिर्फ तिरंगा लहराता है, जो हमारे देश के सम्मान, आदर और निष्ठा का प्रतीक है। मैं समझता हूं कि हरा झंडा लहराने की जो बात वे कर रहे हैं, उनके ख्वाबों में भी यह ख्वाब पूरा नहीं होगा।

सोनिया गांधी के खिलाफ भेजे गए कानूनी नोटिस पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बहुत ही आपत्तिजनक बातें कही हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं समझता हूं कि सोनिया गांधी ने बिना किसी आधार के वीर सावरकर के खिलाफ जो लिखा है, उसकी मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। मुझे ऐसा लगता है कि वीर सावरकर के परिवार ने जो उन्हें लीगल नोटिस भेजा है, वह सही किया है। क्योंकि अगर आप किसी व्यक्ति की आलोचना करोगे, गलत बातें रखोगे, बिना आधार के, बिना तथ्यों के, तो आपको उसका जवाब देना होगा। अभी देखते हैं कि नोटिस के बाद सोनिया गांधी क्या जवाब देती हैं और उस पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

उन्होंने कहा कि मुंबई में जब से भारतीय जनता पार्टी का शासन मुंबई महानगरपालिका में आया है, तब से भारतीय जनता पार्टी और महानगरपालिका ने यह साफ तौर पर ऐलान किया है कि मुंबई में किसी भी हाल में अवैध निर्माणों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिर वे किसी भी धर्म के हों, किसी भी समाज के हों और अगर कोई अवैध निर्माण है तो कानून के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी इजाजत और पूरा अधिकार निगम को है।

भाजपा प्रवक्ता अनिकेत निकम ने कहा कि आरएसएस का एक मूल मंत्र है, "राष्ट्र सर्वप्रथम" यानी देश को सर्वप्रथम मानना, देश के प्रति निष्ठा से काम करना और राष्ट्र निर्माण के लिए पूरा जीवन खपा देना। एक्टर मोहन लाल ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही है। आज पूरा देश इसे स्वीकार कर रहा है। वह चाहे किसी भी धर्म, मजहब, समाज या विचारधारा का हो, लेकिन वह यह बात जानता है कि आरएसएस के स्वयंसेवक अपना पूरा जीवन देश के कार्य के लिए खपा देते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के लिए वे अपना जीवन समर्पित करते हैं और हमारे देश को समृद्ध और सुदृढ़ कैसे करें, इसके लिए वे हर समय कार्यरत रहते हैं। मोहन लाल ने जो कहा है, वही सोच आज हमारे देश के हर नागरिक के मन में भी है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर समय मनगढ़ंत कहानियां रचते हैं। वे विदेश में जाकर हमारी अर्थव्यवस्था के बारे में बातें करते हैं। हालांकि, एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप, जो अमेरिका के राष्ट्रपति हैं, खुद कहते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है, बहुत सुदृढ़ है और बहुत तेजी से बढ़ रही है, लेकिन राहुल गांधी मनगढ़ंत कहानियां कहते हैं। वैसी ही उनकी एक मनगढ़ंत कहानी है कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी।

अनिकेत निकम ने कहा कि मेरा राहुल गांधी से एक ही सवाल है। अगर आपको यह पता था तो आपने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की? आपने कोर्ट में इस बारे में याचिका क्यों दाखिल नहीं की, हालांकि इस विषय को तो बहुत साल बीत चुके हैं। इस पर सारी जांच हुई, आयोग बने और जो वहां हत्यारे थे, उन्हें सजा भी हुई।

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी भ्रम पैदा करना चाहते हैं और साथ ही अपने परिवार के लिए सहानुभूति पैदा करना चाहते हैं। पूरा देश जानता है कि गांधी परिवार किस प्रकार की सोच रखकर इस देश के बारे में बोल रहा है और काम कर रहा है। इसलिए यह सब लोग जानते हैं, तो ज्यादा उस पर बोलने की जरूरत भी नहीं है।

--आईएएनएस

केके/वीसी