कांग्रेस सांसदों ने ईंधन बचाने की अपील और पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को घेरा
सहारनपुर, 16 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और केंद्र सरकार की नीतियों पर शनिवार को तीखा हमला बोला है। सहारनपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में अभी बहुत मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उन्होंने पिछले एक महीने से लगातार चेतावनी दी थी कि कीमतें बढ़ने वाली हैं।
सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायकों से ईंधन बचाने की अपील पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा, "ऐसा करके आप कितना ईंधन बचा लेंगे? क्या इससे देश में ईंधन की खपत कम हो जाएगी? ड्रामा मत कीजिए, कुछ काम कीजिए। देश ऐसे ड्रामों से नहीं चलेगा। लोग अब समझ गए हैं और असलियत जान रहे हैं।"
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला-कमल मौला मस्जिद परिसर को मंदिर घोषित किए जाने पर इमरान मसूद ने कहा, "अब यह सिलसिला फिर शुरू हो गया है। मैंने पहले भी कहा था कि कोई भी मुद्दा ले आइए और उस पर चर्चा शुरू कर दीजिए। स्वास्थ्य, परीक्षाओं, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं करेंगे, सिर्फ इन्हीं मुद्दों पर बहस करेंगे।"
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले पर इमरान मसूद ने कहा कि पिछली बार भी कांग्रेस ने संसद में इस मुद्दे पर लगातार हंगामा किया था, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी, "इस बार भी कोई नतीजा नहीं निकलेगा। एक गरीब इंसान अपने बच्चों को परीक्षा दिलवाने के लिए एक-एक रुपया बचाता है, लेकिन सरकार परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित नहीं रख पा रही है।"
इसके अलावा पटना में कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने 'नीट' परीक्षा रद्द किए जाने पर दुख जताते हुए कहा, "अगर सिस्टम में कोई गड़बड़ी न होती तो बार-बार पेपर लीक होने की घटनाएं नहीं होतीं। लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो गया है।"
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार परीक्षा सुधार और ईंधन की बढ़ती कीमतों पर ध्यान देने के बजाय मुद्दों को डायवर्ट करने की कोशिश कर रही है। इमरान मसूद ने कहा कि आम जनता अब इन ड्रामों से ऊब चुकी है और सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
