Aapka Rajasthan

इमरान मसूद का केंद्र पर हमला, फेडरल स्ट्रक्चर और न्यायपालिका पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शिमला में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने गई दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच हुए टकराव पर कहा कि ऐसे चलेगा तो पूरा संघीय ढांचा तबाह हो जाएगा।
 
इमरान मसूद का केंद्र पर हमला, फेडरल स्ट्रक्चर और न्यायपालिका पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शिमला में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने गई दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच हुए टकराव पर कहा कि ऐसे चलेगा तो पूरा संघीय ढांचा तबाह हो जाएगा।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आप फेडरल स्ट्रक्चर को तबाह कर रहे हो। किसी भी स्टेट में अगर आप किसी को पकड़ने जाते हो, तो आपको पहले लोकल थाने को सूचना देनी पड़ेगी। तब आप जाकर एक्शन लोगे। तो ये इस तरह से कैसे चलेगा? ये पूरा फेडरल स्ट्रक्चर तबाह हो जाएगा।

पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स होने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि 2 हजार मिलियन कर लेना चाहिए। इसमें क्या दिक्कत है, सारी दुनिया को फॉलोअर्स बना लेना चाहिए।

एनसीईआरटी विवाद पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि जो भी इसके पीछे है, उसके खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए। देश को आप किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि जिस देश की ज्यूडिशरी कमजोर होती है, वहां सर्वाइव करना मुश्किल हो जाता है। न्याय सिर्फ मिलना ही नहीं चाहिए बल्कि न्याय दिखना भी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने सही किया है; उन्हें अपनी छवि को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।

भाजपा द्वारा राहुल गांधी की तुलना उमर खालिद से किए जाने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि नेतन्याहू की मानसिकता क्या है, जिसके साथ देश के प्रधानमंत्री मोदी मिल रहे हैं। क्या भाजपा के लोगों ने नेतन्याहू की मानसिकता का भी अध्ययन किया या नहीं किया? नेतन्याहू पश्चिमी देशों में नहीं जा सकता है क्योंकि उसके खिलाफ अरेस्ट वारंट है। आप खुश हो रहे हैं; यह आपकी मानसिकता है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा पीएम मोदी को 'भाई' कहने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि अच्छी बात है, लेकिन पीएम मोदी यह भी पूछते हैं कि फिलिस्तीन पर आपका क्या स्टैंड है। फिलिस्तीन पर हमारा यूएन में क्लियर स्टैंड है। यह दोहरा चेहरा हमें समझ नहीं आता।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी