कांग्रेस पर शिवसेना नेता शाइना एनसी का तंज- एलपीजी मामले में कब तक झूठ बोलेंगे
मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और आनंद शर्मा के बयानों का हवाला देते हुए शिवसेना नेता शाइना एनसी ने गैस संकट मामले में जोरदार पलटवार किया है।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि सरकार लगातार इस बात को स्पष्ट कर चुकी है कि भारत में एलीपीजी संकट नहीं है। लेकिन, विपक्ष ने हमेशा लोगों में भय का माहौल बनाने के लिए अफवाहें फैलाई। लेकिन, अब तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ही उनके झूठ की पोल खोलकर रख दी है।
कमलनाथ और आनंद शर्मा जैसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बयान का हवाला देते हुए शाइना एनसी ने कहा कि खुद कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि देश में गैस की कोई किल्लत नहीं है।
शाइना एनसी ने कहा कि विपक्ष कब तक भ्रम का वातावरण बनाएगा, कब तक झूठी अफवाहें फैलाएगा। यह अच्छी बात है कि कांग्रेस में भी ऐसे नेता हैं, जो इस बात को स्वीकर कर रहे हैं कि एलपीजी संकट नहीं है। यह बस माहौल बनाया जा रहा है कि गैस की कमी है।
राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने पर आप में बयानबाजी शुरू हो गई है। इस मामले पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक खास पार्टी है, यह खास लोगों के लिए है। हालांकि, यह उनका निजी मामला है। लेकिन, जो दिखता है, वही बिकता है और उन्होंने वही किया है। अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी करते हुए शाइना एनसी ने कहा कि उनकी कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के ‘मियां’ वाले बयान पर शाइना एनसी ने कहा कि असम में हिमंता बिस्वा सरमा के काम पर जनता की जीत होगी। ओवैसी तुष्टीकरण की राजनीति से ऊपर नहीं उठ सकते, इसलिए लोगों को गुमराह करने और असम में शांति भंग करने के लिए ऐसे विवादास्पद बयान देते रहते हैं।
पश्चिम बंगाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर शाइना एनसी ने कहा कि लोगों को वर्तमान स्थिति पता है। टीएमसी को बंगाल की जनता ने तीन बार मौका दिया, लेकिन विकास का कोई काम नहीं किया गया। सरकार ने लोगों में अनबन बनाए रखी। अब बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी की विदाई तय कर दी है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
