Aapka Rajasthan

कांग्रेस नेताओं का भाजपा पर तंज, कहा-'भजनलाल सरकार वादे पूरे करने में रही विफल, जनता ने दिया जवाब'

जयपुर/सीकर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनता के पैसे के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायत चुनावों के आंकड़े पेश किया। दूसरी ओर, मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने राजस्थान के चुनाव परिणामों को भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी का संकेत बताया और उत्तर प्रदेश में भी सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी की।
 

जयपुर/सीकर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनता के पैसे के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायत चुनावों के आंकड़े पेश किया। दूसरी ओर, मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने राजस्थान के चुनाव परिणामों को भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी का संकेत बताया और उत्तर प्रदेश में भी सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी की।

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान में लूट-खसोट और भ्रष्टाचार करने वाली सरकार है। उन्होंने परिवहन विभाग, ई-चालान, नंबर प्लेट, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और स्मार्ट मीटर से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गेहूं और चावल तक में घोटाले हुए हैं। अब जनता की खून-पसीने की कमाई और टैक्स के पैसे से पांच सितारा होटलों के एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक के बिल चुकाए जा रहे हैं।

खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिखर अग्रवाल पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वे अपनी संपत्ति से इन बिलों का भुगतान वापस करेंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि पहले अनंता रिसॉर्ट जैसे बड़े होटलों को जमीन मुफ्त में दी गई और अब सरकारी पैसे से पांच सितारा होटलों के बिल चुकाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता टैक्स इसलिए नहीं देती कि उसके पैसे से नेताओं और अधिकारियों के होटल के खर्च पूरे किए जाएं। जनता ने पंचायत चुनावों में सरकार को इसका जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा हिसाब विधानसभा चुनाव में होगा और डेढ़ से दो साल बाद भाजपा की विदाई तय है।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायत चुनावों के परिणामों को लेकर भाजपा के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 419 पंचायत समितियों में से 301 पर कांग्रेस का कब्जा है, जबकि भाजपा को केवल 79 पंचायत समितियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि जिला परिषदों की 27 सीटों पर कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है और छह अन्य जिला परिषदों में भी पार्टी अपना जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा जिन पंचायत समितियों में जीती है, वहां भी उसका प्रदर्शन सीमित रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दोपहर 12 बजे तक मीडिया के माध्यम से अपनी जीत का गलत नैरेटिव बनाने में जुटी रही।

डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले राजस्थान में गुजरात मॉडल लागू करते हुए बिना अनुभव वाले व्यक्ति को पर्ची के जरिए मुख्यमंत्री बना दिया गया। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार किया, लेकिन सरकार जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को केवल भाषण देना आता है।

इधर, मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के बावजूद कांग्रेस को जीत मिली है, जिससे स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में लोग भाजपा से नाराज हैं।

दलवाई ने कहा कि यही स्थिति उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगी और आगामी चुनावों में वहां भाजपा की सरकार नहीं रहेगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जताई।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम