Aapka Rajasthan

कांग्रेस नेता अतुल लोंढे का दावा, आने वाले दिनों में जदयू खत्म हो जाएगी

नागपुर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने जेपी नड्डा के पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 2023 में कहा था कि 2024 के बाद कोई भी क्षेत्रीय दल नहीं बचेगा।
 
कांग्रेस नेता अतुल लोंढे का दावा, आने वाले दिनों में जदयू खत्म हो जाएगी

नागपुर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने जेपी नड्डा के पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 2023 में कहा था कि 2024 के बाद कोई भी क्षेत्रीय दल नहीं बचेगा।

उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में भाजपा की तुलना सांप से करते हुए कहा कि यह दल बगल बैठकर देखता है कि किसी दल को खाने में कितना समय लगेगा। उसी हिसाब से ये लोग अपनी बिसात बिछाने की कोशिश करते हैं। जैसे उन्हें भूख महसूस होती है, तो ये लोग उस दल को निगल जाते हैं। अब नीतीश कुमार के साथ भी इन लोगों ने कुछ ऐसा ही किया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अब आप नीतीश कुमार के साथ ही देख लीजिए कि इन लोगों ने क्या किया। किसी ने नहीं सोचा था कि नीतीश कुमार एक दिन सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा का रूख करेंगे। लेकिन, इसके बाद क्या हुआ, यह किसी से नहीं छुपा है। मेरा सीधा सा कहना है कि इस पूरे मामले में भाजपा ने नीतीश कुमार के बेटे की नस पकड़ी है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बिहार में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उसे देखते हुए मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि आने वाले दिनों में भाजपा के लोग जदयू को खत्म कर देंगे। भाजपा इस दिशा में पूरी पटकथा तैयार कर चुकी है, जिसके आधार पर मौजूदा समय में सबकुछ किया जा रहा है।

इसके अलावा, महिला आरक्षण के संबंध में कांग्रेस की ओर से बैठक आहूत की गई है। इस पर कांग्रेस नेता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निसंदेह इस मामले को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें महिला आरक्षण से जुड़े हर पहलू को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम का सहारा लेकर परिसीमन करना चाहती है। ऐसा करके ये लोग दक्षिण और एससी/एसटी की राजनीति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जिसे मौजूदा समय में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के लोग महिला सशक्तिकरण को लेकर सच में संवेदनशील होते, तो साल 2023 में जब महिला वंदन अधिनियम लाया गया था, तब कांग्रेस ने यह मांग की थी कि इसे 2024 में लागू कर दिया जाए। लेकिन, अफसोस की बात है कि इसे लागू नहीं किया गया। इस पूरे मामले को योजनाबद्ध तरीके से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। जब कांग्रेस ने इसे लागू करने की मांग की थी, तो कहा गया था कि हम जनगणना के बाद इसे लागू करेंगे, तो ऐसी स्थिति में मेरा कहना है कि अब ऐसी क्या जरूरत आ गई कि अब केंद्र सरकार की ओर से इस दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। अब इसे लागू करने की दिशा में एक तरह की हड़बड़ी दिखाई जा रही है।

इसके अलावा, जब कांग्रेस नेता से यह सवाल किया गया कि क्या आगामी दिनों में बिहार की जनता सम्राट चौधरी को स्वीकार करेगी, तो इस पर उन्होंने कहा कि ये तो फिलहाल आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन, अगर सम्राट चौधरी की बात करें, तो उनकी डिग्री ही सवालों के घेरे में रही है। वहीं, उनके उम्र को लेकर भी एक तरह का विवाद देखने को मिल रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग में जमा कराए अपने हलफनामा में भी अपनी उम्र को लेकर झूठी जानकारी दी थी। ऐसी स्थिति में यह कहने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए कि ये आदमी पूरी तरह से झूठ का पुलिंदा है। अब ऐसी स्थिति में ये तो फिलहाल आने वाला वक्त ही बताएगा कि प्रदेश की जनता इन्हें स्वीकार करती है की नहीं?

--आईएएनएस

एमएस/