Aapka Rajasthan

कांग्रेस ने किसानों के साथ किए पाप, दो पीढ़ियां मांफी मांगे तो भी कम: सीएम मोहन यादव

जबलपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं का जिक्र कर सरकार पर किए जा रहे हमलों का जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस ने किसानों के साथ इतने पाप किए हैं कि अगर दो पीढ़ियां भी माफी मांगे तो कम पड़ जाएंगी।
 
कांग्रेस ने किसानों के साथ किए पाप, दो पीढ़ियां मांफी मांगे तो भी कम: सीएम मोहन यादव

जबलपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं का जिक्र कर सरकार पर किए जा रहे हमलों का जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस ने किसानों के साथ इतने पाप किए हैं कि अगर दो पीढ़ियां भी माफी मांगे तो कम पड़ जाएंगी।

जबलपुर के मानस भवन में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के तहत 'गांव-बस्ती चलो अभियान' का शुभारंभ करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव के तहत कार्य करते हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता तुष्टिकरण प्रथम के सिद्धांत पर कार्य करते हैं। कांग्रेस अंग्रेजों की बनाई संस्था है, उसकी कोई विचारधारा नहीं। आजादी के बाद कांग्रेस नेताओं के व्यक्तिगगत हितों की कीमत पूरे देश ने वर्षों तक चुकाई है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ इतने पाप किए है कि कांग्रेस पार्टी की दो पीढ़ियां भी माफी मांगें तो भी कम है। भाजपा ने जनसंघ से लेकर आज तक अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। जिन उद्देश्यों को लेकर जनसंघ का गठन किया गया था, हम आज भी उसी विचारधारा को लेकर देश और जनता की सेवा कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की अपनी स्वयं की कोई विचारधारा नहीं है। देश की आजादी के बाद पंडित मदन मोहन मालवीय जब वाराणसी में काशी हिंदू विश्व विद्यालय की स्थापना करा रहे थे, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू सोमनाथ मंदिर से लेकर अयोध्या में भगवान श्रीराम लला के मंदिर को लेकर क्या कर रहे थे, देश जानता है। कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं के व्यक्तिगत हितों के कारण केसर की क्यारी वाली धरती जम्मू-कश्मीर में हजारों निर्दोष लोगों का खून बहाया गया।

सीएम ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान का विरोध करते हुए आंदोलन किया और जनसंघ की स्थापना की। वर्ष 1952 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा की विचारधारा में कभी समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाकर कलंक मिटाने का कार्य किया है। भाजपा ने सनातन संस्कृति के भाव से कभी समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद अयोध्या में श्रीराम लला का मंदिर बनवाकर दुनिया को दिखाया कि भारत एक भाव से कार्य कर रहा है।

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से भाजपा आज अजेय पार्टी बनी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में सरकार बनी है। ऐसे में आप सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि अपनी सरकार की जनहितैषी, जनकल्याणकारी उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाएं।

इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव का कार्यकर्ताओं ने बड़ी माला से स्वागत भी किया। मुख्यमंत्री यादव ने गांव-बस्ती चलो अभियान का शुभारंभ अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच