'कांग्रेस लोकतंत्र के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है', सीजेपी के प्रदर्शन पर भाजपा विधायक संजय उपाध्याय का हमला
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजय उपाध्याय ने प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के आह्वान का समर्थन किया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह 'कांग्रेस जिताओ पार्टी' है, जो अलग-अलग मुखौटे बदलकर अराजकता फैला रही है और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव न जीत पाने के कारण अब बैलेट की बात कर रही है, जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने कहा, "देश के प्रधानमंत्री जनता का मूड समझते हैं। किसान, मजदूर, महिला, बुजुर्ग या बच्चा हो, हर वर्ग के मन में क्या चल रहा है, वो बखूबी जानते हैं। उन्होंने आह्वान किया है कि 2047 तक हम सभी को मिलकर 'विकसित भारत' बनाना है। उन्होंने इसके लिए मंत्र दिया है, 'हम इसे जरूर करेंगे।' भारत हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी हो, इसके लिए युवा शक्ति काम करे, बड़ा संकल्प ले, उसे हासिल करे और 2047 के 'विकसित भारत' में जेनजी का बहुत बड़ा योगदान हो, ये प्रधानमंत्री मोदी ने अपील की है।"
उन्होंने कहा कि आज के समय में विश्व का सबसे युवा देश भारत है। भारत के पास जो बौद्धिक क्षमता और युवाओं की शक्ति है, उसका सही दिशा में उपयोग होगा, तो भारत हर क्षेत्र में अग्रणी होगा और ये सपना हर युवा को देखना होगा।
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि सीजेपी का फुलफॉर्म महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि ये 'कांग्रेस जिताओ पार्टी' है। कांग्रेस सत्ता से दूर है और अलग-अलग मुखौटे बदलकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। लोकतांत्रिक माध्यम से चुनाव जीतने में अक्षम कांग्रेस अब जबरदस्ती बैलेट की बात कर रही है। कांग्रेस शक्ति का प्रयोग करके सत्ता से हटाने की बात कर रही है, यह गैर-लोकतांत्रिक है।
उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र के खिलाफ षड्यंत्र न देश की जनता बर्दाश्त करेगी, न ही देश की सरकार को बर्दाश्त करना चाहिए। संवैधानिक सीमा में रहकर आंदोलन करने का अधिकार सबके पास है। सीजेपी रोज आंदोलन करे, लेकिन उसे ये किस प्रकार से करना है, उसके बारे में कोर्ट ने आदेश दिए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को जो भी करना चाहिए, वो कर रही है।
संजय उपाध्याय ने कहा कि हम भी विपक्ष में थे, हमने भी आंदोलन किए हैं, हमने भी लाठियां खाई हैं, हम भी सड़क पर उतरे तो पुलिस ने पीटा है। हमने कभी सरकार के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है। इतिहास में जाकर देखेंगे तो, हमारे नेताओं को जेल में डाला गया, कांग्रेस ने लोकतंत्र को खत्म किया। इमरजेंसी लागू की गई, देश के सभी नेताओं को जेल में डाला गया। आज इतना आंदोलन होने के बाद भी हमने किसी को भी इस प्रकार से दंडित नहीं किया।
उन्होंने कहा कि हर कोई प्रधानमंत्री पर बयान देने को स्वतंत्र है, वो दे रहा है और प्रधानमंत्री इस पर प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। हमने किसी भी राज्य सरकार को बर्खास्त नहीं किया। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उसने जब चाहा, राज्य की सरकारों को बर्खास्त किया है। कांग्रेस ने बार-बार लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
